मध्य प्रदेश

पूर्व स्‍पीकर सुमित्रा महाजन ने इंदौर में नशे की प्रवृत्ति एवं पब की बढ़ती संख्या पर जताई चिंता, की रोक लगाने की मांग

गुरुवार को मुख्‍यमंत्री श‍िवराज सिंह से मिली ताई, दो अलग-अलग पत्र सौंपकर इंदौर की संस्कृति बचाने का आग्रह किया

इंदौर। पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने इंदौर में हुए महिला प्राचार्य को जलाने के जघन्य कांड तथा शहर में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति एवं पब की बढ़ती अपसंस्कृति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने महिला प्राचार्य को जिंदा जलाए जाने वाले प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए ना केवल अपना दु:ख जताया, अपितु पुलिस प्रशासन एवं कालेज संचालकों को भी कटघरे में खड़ा किया।

ताई ने गुरुवार को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की तथा इंदौर में हुए महिला प्राचार्य को जलाने के जघन्य कांड तथा शहर में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति एवं पब की बढ़ती अपसंस्कृति पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। इस दौरान महाजन ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर एक घंटे तक बातचीत की और दो पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि यह घटना इंदौर की संस्कृति के खिलाफ है तथा मैं इसे इंदौर के मान पर काला धब्बा मानती हूं। पुलिस प्रशासन समय रहते चेत जाता तो शायद यह घटना नहीं होती। मैंने स्वयं जाकर कॉलेज कैंपस का निरीक्षण किया तथा वहां कुछ महत्वपूर्ण बातें भी नोट की। वहां बहुत बड़ा एरिया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल नहीं है। बाउंड्री वाल भी टूटी हुई है। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नए संकुल जहां भी खुलें वहां भी नियमों का कठोरता से पालन करवाया जाना जरूरी है।

ताई ने सीएम से यह किया आग्रह

पूर्व स्पीकर ने कहा कि कल्चर का बढ़ता हुआ चलन शहर में अनायास अपराधों में वृद्धि कर रहा है। अपराध की प्रवृत्ति भी ऐसी है कि ऐसी घटनाएं पहले शहर में कभी नहीं घटी। शहर की संस्कृति प्रदूषित न हो, इसलिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि हॉस्टल तथा शिक्षण संचालकों के साथ प्रशासन एवं पुलिस लगातार बैठकें करें। बाहर से आए छात्रों की पूरी डिटेल संस्थानों एवं हॉस्टल संचालकों के पास जरूरी होना चाहिए। बढ़ते हुए कोचिंग क्लासेस पर भी प्रशासन की सख्त निगाह रहना चाहिए, ताकि पढ़ने वाले छात्रों के बीच अपराधीनुमा छात्र प्रवेश न कर पाएं तथा शहर का वातावरण भयमुक्त एवं शिक्षा के लिए सकारात्मक ही रहे। उन्होंने कहा कि पब एवं शराब परोसने वाले होटलों को समय सीमा में बंद कराए जाने का काम प्रशासन को सख्ती के साथ करना चाहिए।

Back to top button