मध्य प्रदेश

किसानों ने हरदा में निकाली भव्य ट्रैक्टरों की तिरंगा यात्रा, धोती-कुर्ता पहनकर हजारों हुए शामिल …

भोपाल। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मध्य प्रदेश में इन दिनों जगह-जगह आयोजन हो रहे हैं। घर-घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसीके तहत हरदा में किसानों ने अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट किया। किसानों ने अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर यात्रा निकाली। कृषि मंत्री कमल पटेल के नेतृत्व में हजारों किसान इस यात्रा में शामिल हुए। धोती-कुर्ता पहनकर ट्रैक्टरों पर बैठे किसानों में देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था।

आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के तहत देश में कश्मीर, लेह लद्दाख से लेकर पूर्वांचल के साथ कन्याकुमारी तक 13 अगस्त से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा अभियान मनाया जा रहा है, इसी के चलते मध्य प्रदेश के हरदा में  कृषि मंत्री कमल पटेल के नेतृत्व में एक हजार से ज्यादा किसान रविवार को अपनी परंपरागत ड्रेस-धोती, कुर्ता के साथ साफा बांधकर तिरंगा यात्रा में शरीक हुए।

सभी किसानों ने अपने-अपने ट्रैक्टरों के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा रखा था। एक साथ जब इतने ट्रैक्टर तिरंगा लगाकर शहर की सड़कों पर निकले तो अलग ही माहौल नजर आया। पूरा वातावरण वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों और देशभक्ति के तरानों से गूंज रहा था। इस अवसर पर किसानों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया, वहीं राष्ट्रीय गानों की धुनों पर कृषि मंत्री कमल पटेल के साथ किसानों ने डांस भी किया।

Back to top button