
5 लाख नहीं देने पर फेसबुक फ्रेंड ने अश्लील फोटो कर दी वायरल, आरोपी गिरफ्तार …
अजमेर । फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर युवती का अश्लील फोटो वायरल करने वाले युवक को जिला पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। युवक का नाम उर्वेश कुमार यादव है, वह यूपी के एटा जिला स्थित आवागढ़ पोंडरी का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पीड़ित युवती ने श्रीनगर थाने में 15 नवंबर को रिपोर्ट पेश कर बताया था कि उर्वेश नाम के युवक के साथ दो साल पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। बाद में उर्वेश ने प्रेमजाल में फंसा लिया और वीडियो कॉल कर अश्लील वीडियो बना लिया और फोटो डाउनलोड कर ली। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपए की डिमांड करने लगा। राशि नहीं देने पर आरोपी युवक ने फोटो वायरल कर दी।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद से युवती डिप्रेशन में थी। पुलिस द्वारा उसके व परिवार के साथ समझाइश की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्याय दिलाने के लिए आश्वस्त किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए केकड़ी के एडीशनल एसपी घनश्याम शर्मा और सीओ नसीराबाद पूनम भरगड़ के सुपरविजन में पुलिस टीम गठित की गई। साइबर सैल की भी एक टीम अलग से बनाई गई।















