मध्य प्रदेश

सिवनी में 14 दिन में तीसरी बार लगे भूकंप के झटके, पिछली बार से इस बार दर्ज की गई ज्यादा तीव्रता …

एक्सपर्ट बोले- आगामी 24 घंटे में बारिश हुई तो फिर लग सकते हैं झटके

 

भोपाल। मध्यप्रदेश के सिवनी में सोमवार सुबह 7.49 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सिवनी में पिछले 14 दिन में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। लोगों ने कई बार कंपन महसूस किया। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश के अनुसार यह जमीनी हलचल बारिश होने के कारण हुई है। अगर अगले 24 घंटे में बारिश होती है, तो फिर ऐसा हो सकता है, हालांकि इसकी आशंका कम है। आज के झटके चार दिन पहले यानी शुक्रवार को आए झटकों से ज्यादा तीव्रता के थे। रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.7 रही। हालांकि कहीं से किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

बढ़ती जा रही झटकों की तीव्रता- सिवनी में 14 दिन में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनकी तीव्रता बढ़ रही है। बीते 21 सितंबर को 2.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। पिछले शुक्रवार सुबह 11.49 बजे यह 3.6 तीव्रता के रिकॉर्ड किए गए। इस बार यह 3.7 तीव्रता के रहे। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में भी भूकंप के तेज झटके से लोग घबरा गए थे।

भूकंप आने का ये है कारण- मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि सुबह 7.49 बजे सिवनी में 3.7 रिएक्टर स्केल के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह भारतीय समयानुसार भूस्थानिक केंद्र 21.95 डिग्री उत्तर अक्षांश, 79.56 डिग्री पूर्व देशांतर सिवनी, मध्य प्रदेश क्षेत्र में 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ है। जिसका हाइपोसेंटर 5 किमी गहराई पर था।

जमीन के अंदर चूना-पत्थर की चट्‌टानें- सिवनी के साथ छिंदवाड़ा और बालाघाट में जमीन के अंदर चट्टानें चूना पत्थर की हैं। इनकी संरचनाएं ऐसी हैं कि जब भी बारिश का पानी इनमें जाता है, तो यह चट्टानें सिकुड़ जाती हैं। इनके बीच अंदर के छिद्र बंद हो जाते हैं, तो यह धंस जाती हैं। इसी कारण भूकंप के झटके आते हैं।

24 घंटे नजर रखी जाएगी- अभी 24 घंटे में दोबारा इसके झटके महसूस किए जा सकते हैं। अगर थोड़ी भी ज्यादा बारिश हुई, तो इन इलाकों में भूकंप आ सकता है। बारिश नहीं होती है, तो फिर भूकंप की संभावना नहीं रहेगी।

Back to top button