रायपुर

भारत बचाओ संविधान बचाओ नारे के साथ 28 को फ्लैग मार्च करेगी कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम करेंगे राजधानी में ध्वजारोहण

135 की हुई कांग्रेस,  स्थापना दिवस पर मुख्यालय सहित सभी ब्लाक में होंगे कार्यक्रम

रायपुर। 28 दिसंबर को देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस 135 वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस मौके पर राजधानी के कांग्रेस भवन सहित ब्लाक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्थापना दिवस के मौके पर देश की ज्वलंत मुद्दे की छाया कार्यक्रम पर हावी रहेगी और कांग्रेसजन भारत बचाओ संविधान बचाओ नारे के साथ राजधानी में फ्लैग मार्च करेंगे।

 इस संबंध में जानकारी देते हुए शैलेश नितिन त्रिवेदी महामंत्री एवं अध्यक्ष संचार विभाग छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बताया कि कांग्रेस स्थापना दिवस प्रदेश के समस्त जिला, शहर, नगर और ब्लाक मुख्यालयों में हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। सुबह 10 बजे प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन में ध्वजारोहण करेंगे।

कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में सभी मोर्चा संगठनों, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयुआई, प्रकोष्ठों विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जिला नगर और ब्लाक कांग्रेस इकाईयों को दिये गये है। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी की नरेन्द्र मोदी सरकार के जन-विरोधी नीतियों के कारण बढ़ती बेरोजगारी, आर्थिक मंदी, महंगाई तथा महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार को उजागर किया जायेगा। रायपुर में कांग्रेस स्थापना दिवस पर “भारत बचाओं-संविधान बचाओ” को लेकर घड़ी चौक के पास अम्बेडकर प्रतिमा से गांधी मैदान कांग्रेस भवन तक फ्लैग मार्च किया जाएगा।

Back to top button