देश

नईटांड गांव में अजीब घटनाएं: कपड़े जलने से लेकर धुएं तक, खुला आसमान बना ठिकाना

 कोडरमा

 झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड स्थित नईटांड गांव में एक परिवार रहस्यमयी आग की घटनाओं से दहशत में है. लगातार घर के अलग-अलग हिस्सों में अचानक आग लगने की घटनाओं के बाद परिवार ने अपना घर छोड़ दिया है और खुले आसमान के नीचे शरण लेने को मजबूर हो गया है. इस अजीब घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में बिना किसी वजह अचानक आग लग जाती है. कभी बच्चों के सिरहाने आग की लपटें उठने लगती हैं तो कभी पलंग के भीतर से धुआं निकलने लगता है. इन घटनाओं से परिवार के लोग भयभीत हैं और घर के अंदर जाने से भी डर रहे हैं.

कपड़े जलकर राख, घर छोड़ने को मजबूर हुआ परिवार
पीड़ित मो. गीता ने बताया कि मंगलवार की रात घर में रखे कपड़े अचानक जलने लगे और देखते ही देखते राख में बदल गये. परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक सामान जल चुका था. इस घटना के बाद परिवार में दहशत फैल गयी. गीता देवी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. कभी घर के किसी कोने से धुआं निकलने लगता है तो कभी बिस्तर के आसपास आग जैसी स्थिति बन जाती है. परिवार का कहना है कि यह सामान्य आगजनी की घटना नहीं लगती. लगातार हो रही घटनाओं के कारण परिवार ने घर छोड़ दिया है. अब परिवार के सदस्य घर के बाहर खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे हैं. उनका कहना है कि डर की वजह से वे घर के भीतर रहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं.

नकदी और जेवर गायब होने का भी दावा
परिवार ने सिर्फ आग लगने की घटनाओं का ही नहीं, बल्कि घर से नकदी और जेवरात गायब होने का भी दावा किया है. पीड़ितों के अनुसार अलमारी में रखे पैसे और आभूषण रहस्यमय तरीके से गायब हो रहे हैं. परिवार का कहना है कि इन घटनाओं ने उनका मानसिक सुकून पूरी तरह छीन लिया है. लगातार हो रही अजीब घटनाओं से घर के सभी सदस्य तनाव और भय के माहौल में जी रहे हैं.

गांव में जुट रही लोगों की भीड़
घटना की जानकारी फैलते ही नईटांड गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी है. आसपास के गांवों से भी लोग इस रहस्यमयी घटना को देखने पहुंच रहे हैं. गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग इसे भूत-प्रेत या दैविक शक्ति का असर मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे अंधविश्वास बता रहे हैं. वहीं कुछ ग्रामीण इस घटना को वास्तु दोष या किसी तकनीकी कारण से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि अब तक इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया है.

खुले आसमान के नीचे रह रहा पूरा परिवार
डर और दहशत के बीच परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर रह रहे हैं. पीड़ित परिवार में गीता देवी, विकास पासवान, सपना देवी, आकाश पासवान, करीना देवी, उज्जवल पासवान, गंगोत्री देवी, रिषभ कुमार और रियान कुमार शामिल हैं. परिवार का कहना है कि उन्हें हर समय किसी अनहोनी का डर सताता रहता है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने घर से बाहर रहने का फैसला किया है.

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
नईटांड गांव की यह घटना पूरे जयनगर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इसे लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं. कई ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसी घटना देखी है, जहां घर में अलग-अलग जगहों पर अचानक आग लग रही है. हालांकि अभी तक इस मामले में किसी विशेषज्ञ या प्रशासनिक जांच की जानकारी सामने नहीं आयी है. ग्रामीणों का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच होनी चाहिए ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

परिवार ने लगायी मदद की गुहार
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद की मांग की है. परिवार का कहना है कि वे भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर यह सब क्यों हो रहा है. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि रहस्य से पर्दा उठ सके और परिवार सामान्य जीवन जी सके.

Back to top button