छत्तीसगढ़बिलासपुर

धान खरीदी केंद्र पर टोकन लेने टूट पड़े बालोद के किसान, भगदड़ में 17 महिलाएं घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा ….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सहकारी समितियों में 1 दिसंबर से धान की खरीदी शुरू होने वाली है। इसी के मद्देनजर बालोद जिले के पीपरछेड़ी समिति में एक साथ चार गांव के लोगों को टोकन के लिए बुला लिया गया था। गेट के सामने सैंकड़ों किसान देर रात पहुंचने लगे थे। खरीद केंद्र का गेट खुलते ही भगदड़ मच गई। गेट में धक्के से कुछ महिलाएं गिर गई और भीड़ उसके ऊपर से होकर गुजर गई। इस हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर तहसीलदार सहित पुलिस की टीम पहुंची। घायलों का स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया गया। सूचना पर कलेक्टर व एसपी भी समिति पहुंचे। 

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पीपरछेड़ी धान खरीदी केंद्र में बड़ा हादसा हो गया। किसानों की भीड़ ने टोकन लेने की होड़ में महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में 17 महिलाएं और कई बुजुर्ग घायल हो गए, जिनमें से तीन महिलाओं की हालत गंभीर है। किसान टोकन लेने के लिए नाम लिखाने सोसाइटी आए थे। जैसे ही गेट खुला किसानों की भीड़ लाइन लगने दौड़ पड़ी और यह हादसा हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद खरीदी केंद्र में पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ गई। इधर इस लापरवाही के लिए देर शाम सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी के समिति प्रबंधक यशवंत कुमार साहू को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के सीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

धान खरीदी के लिए सरकार के पास पर्याप्त बारदाना नहीं है। यह किसानों को भी पता है। इस वजह से किसान पहले टोकन लेकर अपनी ऊपज बेचना चाहते हैं। लिहाजा सोसाइटियों में भारी भीड़ उमड़ रही है। किसान बारदाने के लिए टूट पड़े हैं। समिति के अध्यक्ष रोमन लाल कल्याणी ने बताया कि एक दिन पहले गांव में मुनादी करा दी गई थी कि किसानों को 10 बजे के बाद सोसाइटी आना है। किसान पहले ही दिन बड़ी संख्या में आ गए और भगदड़ मचने से कई लोग घायल हो गए। किसान नेता हेमू साहू ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार को बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए। बारदानों की कमी की वजह से यह स्थिति निर्मित हो रही है। सरकार बारदाने स्वयं लाने की बात कह रही है। किसानों के पास जूट के बारदाने नहीं है और प्लास्टिक की बोरियों में धान खरीदती नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों की धैर्य की परीक्षा न लें। किसान सड़क पर उतर आएंगे।

इस घटना के सामने आने के बाद सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी के समिति प्रबंधक यशवंत कुमार साहू को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के सीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि समिति प्रबंधक द्वारा 29 नवंबर को आश्रित ग्रामों के कृषकों को मुनादी कर टोकन वितरण के लिए बुलाए जाने की वजह से भीड़ उमड़ पड़ी। जबकि एक-एक गांव को टोकन के लिए बुलाना था। समिति में किसानों के लिए किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई थी। इधर इस घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार भी समिति पहुंचे थे। कलेक्टर ने बताया कि सभी महिलाओं की स्थिति ठीक है।

Back to top button