नई दिल्ली

अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में पूछा- भारत का झंडा दिल्ली में नहीं तो क्या इस्लामाबाद में लहराएगा …

नई दिल्ली (पंकज यादव) । राजधानी दिल्ली में 500 जगहों पर बड़े-बड़े तिरंगे झंडे को फहराए जाने पर सवाल उठाने वालों को दिल्ली विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आड़े हाथ लिया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि दिल्ली के बजट में कहा गया है कि हम 500 जगहों पर बड़े-बड़े तिरंगे झंडे को फहराएंगे। रोज सुबह जब कोई अपने घर से बाहर निकलेगा और बाहर झंडे देखेगा तो उसका मन देशभक्ति से भर जाएगा, लेकिन भाजपा और कांग्रेस इसका विरोध कर रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि जब हमने कहा कि हम पूरी दिल्ली के अंदर तिरंगे झंडे फहराएंगे तो भाजपा और कांग्रेस ने इसका विरोध क्यों किया ? मैं भाजपा और कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि तिरंगा अगर भारत में नहीं फहराएगा तो पाकिस्तान में फहराएगा क्या? देश का तिरंगा दिल्ली में नहीं फहराएगा तो इस्लामाबाद में फहराएगा क्या?।

वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जब से हमनें अयोध्या की तीर्थ यात्रा का ऐलान किया है, तब से भाजपा-कांग्रेस वाले इसका विरोध कर रहे हैं। क्या अपने बुजुर्गों को राम लला के दर्शन करवाना पाप है? ये लोग क्यों इस तीर्थ यात्रा का विरोध कर रहे है?

इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि आज हम कह रहे हैं कि दिल्ली में 2048 में ओलिंपिक होंगे तो ये मज़ाक उड़ा रहे हैं, लेकिन हम देश के साथ मिलकर ये भी करके दिखाएंगे। 2048 ओलंपिक गेम्स की मेजबानी करना हमारा सपना है। हम सभी खेल निकायों, भारतीय ओलंपिक संघ और इसके लिए केंद्र में जाएंगे। दिल्ली सरकार पहल करेगी, लेकिन सभी को इसके लिए एकजुट होना होगा। मुझे यकीन है कि हमारा सपना सच होगा।

Back to top button