Uncategorized

यमुना के पानी में फिर बढ़ा अमोनिया का स्तर, दिल्ली के इन इलाकों में नहीं आएगा पीने का पानी …

नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड ने शनिवार को एक बयान जारी करके कहा कि यमुना नदी में अमोनिया का प्रदूषण बढ़ने के कारण सोनिया विहार, भागीरथी, वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला जल शोधन संयंत्रों की क्षमता प्रभावित हुई है।

यमुना नदी में अमोनिया का स्तर बढ़ने से कई जल शोधन संयंत्र प्रभावित होने से रविवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है। ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने भी बयान जारी करके लोगों को स्थिति के बारे में जानकारी दी है।

बयान में कहा गया है कि शनिवार शाम और रविवार सुबह व शाम को पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली नगर परिषद के तहत आने वाले इलाकों और मालवीय नगर पीपीपी इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सोनिया विहार वाटर प्लांट में अमोनिया का स्तर बढ़ने से 6.11.2021 (शाम) और 7.11.2021 (सुबह और शाम) को जीके-1, चिराग दिल्ली, सावित्री नगर, शेख सराय, खिडकी एक्सटेंशन, जीके-2, जीके-3, ईपीआर-2, अलकनंदा अपार्टमेंट, डीडीए फ्लैट्स कालकाजी, एनआरआई, ईपीआर-1, पंपोश, हेमकुंट, चिराग एन्क्लेव, शाहपुरजात, एशियाड गांव, जमरूदपुर, संत नगर जैसे इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।

यमुना नदी में अमोनिया का स्तर बढ़ने से जलापूर्ति प्रभावित पर यमुना विहार में रहने वाली नीति वर्मा ने कहा कि हमारे यहां कल से पानी नहीं आ रहा है और हर 2 महीने में ऐसा होता है। हैंडपंप का पानी पीला और खारा होता है, इसलिए हमें दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है।

Back to top button