छत्तीसगढ़बिलासपुर

गणना के बाद गश खाकर गिरा हेड कांस्टेबल, अस्पताल ले जाते वक्त हुई मौत…

बिलासपुर। थाने में स्टाफ गणना के बाद हेड कांस्टेबल गश खाकर गिर गया। जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार डेढ़ माह पहले ही हेड कांस्टेबल की यहां पोस्टिंग हुई थी।

चकरभाठा टीआई सुनील तिर्की ने बताया कि सुबह वह अपने स्टॉफ की गणना ले रहे थे। गणना के दौरान पुलिसकर्मियों को टॉस्क दिया गया। इसके बाद सभी थाने के अंदर आ गए। वहीं हेड कांस्टेबल थियोडोर तिर्की (56) गणना के बाद बाहर टहलते हुए थाना परिसर के पीछे बने खंडहर में यूरिन करने के लिए गए। तभी अचानक बेहोश होकर गिर गए।

उन्हें देखकर एक युवक ने थाने में जाकर इस घटना की सूचना दी। तब दौड़ते हुए थाने के स्टॉफ वहां पहुंचे और उन्हें उठाया गया। उनकी हालत देखकर उन्हें तत्काल इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है यूरीन करते समय उन्हें हार्ट अटैक आया होगा और उनकी मौत हुई होगी।

बेटे कॉलेज में कर रहे हैं पढ़ाई

तिर्की के घर में उनकी पत्नी व दो बेटे हैं। दोनों बेटे कॉलेज की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रोज की तरह वे तैयार होकर नाश्ता वगैरह करने के बाद थाना जाने के लिए निकले थे। जब निकले तब सब ठीक था। इस घटना के बाद परिजन भी सिम्स पहुंच गए हैं। पिता की अचानक मौत के बाद बेटे के साथ ही उनकी मां भी सदमें में हैं।

Back to top button