Uncategorized

शाम को हुई शादी, रात में दुल्हन फरार, 90 हजार में किया था सौदा…

भिंड। शाम को सात फेरे लिए… मंगलसूत्र पहनाया…मांग में सिंदूर भरा…गले में माला पहनाई और बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। शादी के दूसरे दिन सुबह भी घर में शादी की रौनक थी, लेकिन दुल्हन और उसके कथित रिश्तेदार गायब थे। शादी की पहली रात ही दुल्हन खिड़की से कूदकर अपने रिश्तेदारों के साथ फरार हो गई। हालांकि, उसकी चालाकी काम नहीं आई और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गई।

दरअसल, भिंड के गोरमी थाना क्षेत्र में रहने वाले सोनू जैन की शादी दिव्यांग होने के चलते नहीं हो रही थी। 26 जुलाई को वह ग्वालियर गया था, जहां लुटेरी दुल्हन गैंग ने उसे अपने जाल में फंसाया और शादी कराने के एवज में 90 हजार रुपए का खर्च बताया। सोनू इसके लिए तैयार हो गया। गिरोह के लोगों ने अनिता रत्नाकर नाम की लड़की उसे दिखाई और रिश्ता तय हो गया। लड़की ग्वालियर की ही रहने वाली बताई गई। इसके बाद 27 जुलाई को आरोपी उदय, लड़की अनिता और उसका कथित भाई और एक रिश्तेदार अनिता के साथ उसके घर पहुंचे और दोनों की शादी हो गई।

शादी के बाद दुल्हन का भाई और एक रिश्तेदार घर पर ही रुके और रात में फरार हो गए। अगले दिन पीड़ित ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुल्हन और उसके गैंग के लोगों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि महिला को दिव्यांग सोनू की एक दिन की दुल्हन बनने के लिए 5000 रुपए दिए गए थे। महिला तलाकशुदा है और उसका 15 साल का बेटा भी है। हालांकि, दो आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Back to top button