कोरबा

कोरबा जनपद की महिला उपाध्यक्ष से अभद्रता, कलेक्टर किरण कौशल ने दिए जांच के आदेश

कोरबा (गेंदलाल शुक्ल)। जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जनपद की महिला उपाध्यक्ष में विवाद के मामले में कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने दिए जाँच के निर्देश दिए है। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. जयवर्धन मामले की जाँच करेंगे।

       जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेत्री और जनपद पंचायत कोरबा की महिला उपाध्यक्ष कौशिल्या देवी वैष्णव गुरुवार को कलेक्टोरेट कार्यालय ज्ञापन देने पहुंची थी। उन्होंने जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ एसएस रात्रे पर अभद्रता व अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए 8 दिनों के भीतर सीईओ को नहीं हटाने पर जिला पंचायत के गेट पर आमरण अनशन की चेतावनी दी थी।

उपाध्यक्ष ने बताया कि जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने आपदा की घड़ी में लॉकडाउन से हो रही समस्या बताई थी। जनता की समस्या के निराकरण के लिए जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ रात्रे से मोबाइल पर पहाड़ी कोरवा व बिरहोर जनजाति के राज्य के बाहर रह रहे ग्रामीणों के बारे में बताया और क्षेत्र में राशन सामान बांटे जाने की जानकारी लेनी चाही। इसका जवाब देने के बजाय सीईओ भड़क उठे और अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द कहकर अपमानित किया।

       जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कौशिल्या देवी वैष्णव ने मामले की शिकायत कलेक्टर किरण कौशल से की है। मामले को गंभीरता से लेकर कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने जांच के आदेश दिए हैं। जनपद उपाध्यक्ष ने कहा है कि वे जनता की ओर से चुनी हुई जनप्रतिनिधि हैं। इसलिए उनका दायित्व बनता है कि वे जिम्मेदार अफसरों से बात कर जनता की समस्या का निराकरण करें, जिसे वे निभा रहे थे। अगर उनके साथ सीईओ ऐसा व्यवहार करते हैं, तो आम जनता के प्रति उनका व्यवहार कैसा होगा, यह समझा जा सकता है। सीईओ से मिली धमकी के बाद उपाध्यक्ष ने सुरक्षा की भी मांग की है।

Back to top button