कोरबा

कोरबा जिले के सभी पांच जनपदों में कांग्रेस के अध्यक्ष लेकिन एक उपाध्यक्ष भाजपा के हिस्से में

कोरबा (गेंदलाल शुक्ल) । गुरुवार को गहमा-गहमी के बीच जिले के सभी पांच जनपद पंचायतों में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया। वहीं जिले के पांच जनपद पंचायतों में उपाध्यक्ष के चार पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है, जबकि एक पर भाजपा को सफलता मिली है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कटघोरा जनपद पंचायत में कांग्रेस समर्थित लता कंवर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की संगीता बिंझवार को एक वोट से पराजित किया। 17 सदस्यीय जनपद पंचायत में लता को नौ सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ। 8 वोट प्राप्त कर संगीता बिंझवार दूसरे नंबर पर रहीं। इसी तरह जनपद पंचायत पाली में भी कांग्रेस की दिलेश्वरी कंवर निर्विरोध अध्यक्ष चुनीं गई। यहां भाजपा ने दावेदारी नहीं की।

कोरबा जनपद पंचायत में कांग्रेस समर्थित हरेश कंवर 13 मत के साथ अध्यक्ष चुन ली गईं। वहीं विक्की कंवर को 5 मत व भाजपा समर्थित रेणुका राठिया 4 मत व निर्दलीय 2 मत मिले सदस्यों वाले करतला पंचायत  में अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस समर्थित सुनीता कंवर जीत गई है। उसने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा समर्थित लक्ष्मीन कवर को 8 वोट से हराया है। सुनीता कंवर पटिया पाली क्षेत्र से जनपद सदस्य है। लक्ष्मीन कंवर जर्वे जनपद जनपद क्षेत्र से सदस्य है।

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में कांग्रेस समर्थित संतोषी तेन्द्रों एक वोट से चुनाव जीत कर अध्यक्ष बन गई है। उन्हें 11 वोट मिले। वहीं निकटतम प्रतिवन्दी रविन्द्र सिंह तंवर को 10 व भाजपा समर्थित प्रताप सिंह को 4 मत मिले।

जनपद उपाध्यक्ष पद पर चार कांग्रेस, एक भाजपा

जनपद पंचायत कोरबा में उपाध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कौशिल्या गोस्वामी जीत गई है। उसे 17 वोट मिले जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी रेणुका राठिया को 7 वोट मिले। रेणुका राठिया कोरबा जनपद के अध्यक्ष पद का भी प्रत्याशी थी, जो चुनाव हारने के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए किस्मत आजमा रहीं थीं।

उधर जनपद पंचायत पाली में नवीन कुमार सिंह पुनः उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गए हैं। अध्यक्ष की तरह उपाध्यक्ष पद के लिए भी भाजपा ने कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था। इसी तरह जनपद पंचायत करतला में भी उपाध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सबीना खातुन जीत गईं हैं। उसे 15 वोट मिले, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी रामेश्वर राठिया को 9 वोट पर ही संतोष करना पड़ा।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत कटघोरा में उपाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर रही। कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद कंवर और भाजपा प्रत्याशी राम प्रसाद को 8 – 8 वोट मिले। इसके बाद एक बच्चे से लॉटरी निकलवाया गया तो गोविंद कंवर का नाम निकला। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद कंवर को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

सबसे रोचक परिणाम पोड़ी उपरोड़ा जनपद के रहा। यहां से कांग्रेस गोंगपा गठबंधन को तगड़ा झटका लगा है। यहां भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष प्रत्याशी रामप्यारी जाखड़ 5 वोट से चुनाव जीत गई है। गठबंधन उम्मीदवार भोला गोस्वामी को 10 वोट, जबकि रामप्यारी को 15 वोट मिले है।

Back to top button