मध्य प्रदेश

भारत जोड़ो यात्रा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे से बवाल, वीडियो वायरल, कांग्रेस बोली फर्जी है वीडियो

प्रदेश का सियासी पारा अचानक गरमाया, भाजपा ने इसे भारत को तोड़ने वाला कृत्य बताया

भोपाल। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन एक वीडियो वायरल होने पर बबाल मच गया है। भाजपा ने इसे भारत को तोड़ने वाला कृत्य बताया है, वहीं कांग्रेस ने इस वीडियो को फर्जी बताते हुए इसे साजिश करार दिया है। कांग्रेस ने इस पर तुरंत कार्रवाई की बात कही है। कुल मिलाकर दोनों पार्टियों के बीच अब इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर जंग छिड़ गई है। वहीं, सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, जो वीडियो सोशल मीडिया में जारी किया गया है, वह कहां का है, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। ‘दिल्ली बुलेटिन’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज शुक्रवार को तीसरा दिन है। यात्रा अभी खरगोन जिले से गुजर रही है, जिसमें प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कई सीनियर लीडर शामिल हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन खूब बवाल मच रहा है। पहले तो कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के करीबी नेता और मीडिया समन्वयक और मध्यप्रदेश कांग्रेस का मध्यप्रदेश में सिख समाज का बड़ा चेहरा नरेंद्र सलूजा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इसके कुछ ही देर बाद बीजेपी के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि ‘राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा के दौरान खरगोन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे।’ उन्होंने दावा किया है कि यह वीडियो कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। इसे बाद में हटा लिया गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रदेश का सियासी पारा अचानक गरमा गया है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इसके अंत में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे की आवाज सुनाई दे रही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कसा तंज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है। शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है?’ उन्होंने आगे लिखा है कि ‘पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’

BJP प्रदेश अध्यक्ष ने इसे बेहद शर्मनाक बताया

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- खरगोन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सरेआम ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे से कांग्रेस की देश तोड़ने की मानसिकता फिर से उजागर हुई है। यह बार-बार साबित हो रहा है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। इस निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगना चाहिए।

शिवराज के मंत्री बोले- यह देशद्रोह की श्रेणी में आता है

इस वीडियो को लेकर शिवराज के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना देशद्रोह की श्रेणी में आता है। राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग को इक्ट्ठा करने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं। लगातार राहुल गांधी भारत जोड़ो नहीं भारत तोड़ो यात्रा कर रहे हैं। यह जांच का विषय का है कि राहुल गांधी की इस यात्रा की स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है। तत्काल प्रभाव से उन्हें लोकसभा सदस्य के साथ राजनीति छोड़ देनी चाहिए।

बीजेपी आईटी सेल इंचार्ज ने भी किया ट्वीट

दूसरी ओर बीजेपी के राष्ट्रीय आईटी सेल के इंचार्ज ने भी इस पर ट्वीट किया है। इंचार्ज अमित मालवीय ने लिखा है कि ‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल होने के लिए ऋचा चड्ढा के सार्वजनिक आवेदन के बाद, खरगोन में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ (वीडियो के अंत में सुनें) के नारे लगे। कांग्रेस सांसद ने वीडियो पोस्ट किया और बाद में गड़बड़ी सामने आने के बाद इसे हटा दिया।’

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश बोले- इसका करारा जवाब देंगे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने इसे भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे समर्थन पर बीजेपी की बौखलाहट बताया। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को अपार जन समर्थन मिलता देख बौखलाई भाजपा ने यात्रा को बदनाम करने के लिए एक डेकोरेटेड वीडियो चलाया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा – हम इसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं। उनको करारा जवाब दिया जाएगा।

कांग्रेस प्रवक्ता का जवाब- कूटरचित वीडियो का इस्तेमाल कर रहे

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि भारत तोड़ो की जनक कुत्सित भाजपाई विचारधारा राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराई है। कूटरचित वीडियो का इस्तेमाल कर इसे बदनाम करने का कुप्रयास किया है। बीजेपी मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे हीन हथकंडे हमारे अडिग उद्देश्यों को हिला नहीं पाएंगे।

Back to top button