मध्य प्रदेश

विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत जिलों में पहुंचे केंद्रीय मंत्री : बोले- ‘नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बना’

सभाएं, सम्मेलन और मीडिया संवाद में गिनाईँ मोदी सरकार की उपलब्धियां

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल के लगातार नौ साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा देशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर चुनावी राज्यों में यह अभियान तेज गति से चल रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रदेश के इंदौर, सीधी, मंडला, सागर, आदि जिलों में केंद्र सरकार के मंत्री, भाजपा प्रदेश प्रभारी आदि वरिष्ठ नेता पहुंचे और मोदी सरकार के अब तक 9 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सभा, सम्मेलन, मीडिया संवाद आदि के जरिये अपनी बात रखी। केंद्रीय राज्यमंत्री सोमप्रकाश ने इंदौर में कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बना है। मोदी सरकार की योजनाएं गरीब कल्याण पर आधारित हैं। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोमप्रकाश और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने इंदौर के एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 9 वर्ष सेवा, समर्पण और गरीब कल्याण के 9 वर्ष है।

सोमप्रकाश बोले- आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री सोमप्रकाश ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी इकोनामी बनकर उभरा है। मोदी द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाएं चाहे स्टार्टअप इंडिया हो या आत्मनिर्भर भारत जिसके कारण आज युवा नौकरी लेने वाला नहीं नौकरी देने वाला बना है। आज देश सुरक्षा उपकरणों के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। कोरोना कॉल में सिर्फ भारत देश के नागरिकों को ही वैक्सीन से सुरक्षित नहीं किया लगभग विश्व के 100 देशों को भी भारत ने वैक्सीन पहुंचा कर उनके नागरिकों की जान बचाने का कार्य भी किया है। आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है।

कांग्रेस की राजनीति सिर्फ गांधी परिवार के इर्द-गिर्द : सुधीर मुनगंटीवार

महाराष्ट्र के वन, संस्कृति एवं मत्स्य पालन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। कांग्रेस में ’इंडिया इज इंदिरा’ और ’इंदिरा इज इंडिया’ होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसे ठोस कदम उठाए जिससे आतंकवाद पर अंकुश लगा है। भाजपा आने वाला चुनाव मोदी के नेतृत्व में ही लडेगी, लेकिन आज किसी भी विपक्षी दल में इतना बताने का साहस नहीं है कि वे किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे।

मोदी सरकार ने 9 वर्ष में किए अकल्पनीय कार्य : बाबूलाल मरांडी

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सीधी में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया, इस दौरान राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी भी उपस्थित रहीं। मरांडी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने विगत 9 वर्षों में जनता के कल्याण और देश के सर्वांगीण विकास के लिए अनेकों योजनाएं लागू की हैं। अद्भुत और अकल्पनीय कार्य किए हैं। जिनसे सारी दुनिया में देश का गौरव और वैश्विक स्तर पर मान-सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी का 9 वर्ष का कार्यकाल भारत को महाशक्ति बनाने को समर्पित रहा है।

फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा- सरकार के कार्यों को आमजन तक पहुंचाएं

केंद्रीय इस्पात ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मंडला में आयोजित सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स मीट को संबोधित करते हुए कहा आज के दौर में सोशल मीडिया देश के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गांव से लेकर शहर और संपूर्ण देश तक आमजन की बातों को तीव्रता के साथ व्यक्त करने का सबसे मुख्य माध्यम और आधार सोशल मीडिया है। हमारी केन्द्र और राज्य सरकार ने जो जनकल्याणकारी कार्य किए है उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने का काम हमारे सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स करें। कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सफलतम 9 वर्ष पूरे हुए है। यह 9 वर्ष गरीबों के कल्याण और बढते भारत के विकास के 9 वर्ष है। मोदी ने आदिवासियों के विकास के लिए कई योजनाएं चलायी हैं। एक ादिवासी बहन को राष्ट्रपति बनाकर संपूर्ण आदिवासी समाज को गौरवान्वित करने का काम किया है। जबकि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासियों का भला नहीं किया। आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक मानकर राजनैतिक रोटियां सेंकने का काम कांग्रेस ने किया। पहले की सरकारों में योजनाएं बनती थी तो उनमें कहीं भी आदिवासी का हित समाहित नहीं होता था। तत्कालीन प्रधानमंत्री वाजपेयी ने पृथक से मंत्रालय बनाकर इस वर्ग का उत्थान किया। आज मोदी ने हर योजना में आदिवासी वर्ग का लाभ सुनिश्चित किया है। ——————–

Back to top button