मध्य प्रदेश

गुजरात चुनाव पर उमा भारती ने कही बड़ी बात: कहा- गुजरात में मोदी की पराजय हो ही नहीं सकती, लेकिन विपक्ष का मजबूत होना भी आवश्यक

भोपाल/डिंडौरी। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने गुजरात चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात को मोदी जी ने मॉडल स्टेट बना दिया है। यह बात तो विरोधी भी मानते है। वहां मोदी की पराजय हो ही नहीं सकती। आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल की गुजरात चुनाव में सक्रियता को लेकर उमा भारती बोलीं- विपक्ष लोकतंत्र की शान होता है, इसलिए विपक्ष का मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने यह बात रविवार को यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कही। दरअसल, उमा भारती इन दिनों डिंडौरी जिले के दौरे पर हैं। वेे आज रविवार को गीता जयंती के अवसर पर अवंती बाई के शहीद स्थल ग्राम बालपुर पहुंची थीं। यहां पर उन्होंने लोधी समाज के लोगों के बीच रानी अवंती बाई को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
राहुल जी को पैदल चलने दो
राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं और वर्तमान में वे मध्यप्रदेश में यात्रा कर रहे हैं, पत्रकारों द्वारा राहुल गांधी की यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उमा भारती ने कहा कि विपक्ष के लोगों को लगातार सक्रिय होना चाहिए। भारतीय लोकतंत्र की परंपरा है, विपक्ष का मज़बूत होना। यदि राहुल जी पैदल चल रहे हैं तो चलने दो और यदि अरविंद केजरीवाल गुजरात जा रहे हैं, तो जाने दो। यह उनका और उनकी पार्टी का एजेंडा है।
एमपी के सीएम शिवराज के एक्शन मोड को लेकर यह बोलीं उमा भारती
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों एक्शन मोड पर हैं, वे प्रदेश में लगातार दौरे कर रहे हैं और शिकायतें या लापरवाही की शिकायतें मिलने पर अधिकारियों पर कार्रवाई कर रहे हैं। इसे लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि वो राजा हैं, राजदंड उनके हाथ में है। अगर उनको लगता है कि कोई गलत है और कार्रवाई करते हैं तो इसमें क्या गलत है।

Back to top button