लखनऊ/उत्तरप्रदेश

संजीव बालियान-संगीत सोम का घमासान भाजपा की परेशानी बना, सीएम योगी की पहल से शांत होगा मामला?

मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर से भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान और फायर ब्रांड नेता पूर्व विधायक संगीत सोम के बीच चल रहा घमासान बीजेपी के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सीएम योगी ने भी इस घमासान को शांत करने की कोशिश मंच से ही की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चुनौती बन रही चौबीसी को साधा और भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान और पूर्व विधायक संगीत सोम को अपने पास बैठाया। मुख्यमंत्री ने चौबीसी को राजधर्म समझाया। सरधना को वीरों की धरती बताया। पिछले कुछ समय से चौबीसी की राजनीतिक गतिविधियां सियासी हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस चौबीसी पर काफी कुछ दारोमदार माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप की वीर गाथा को सामने रखा। वहीं, कहा कि व्यक्तिगत मतभेद कुछ भी हो, राष्ट्र धर्म को देखना है।

उन्होंने साफ कहा कि संजीव बालियान के जीतने के बाद वह सरधना आएंगे और सब लोगों के बीच बैठकर बात करेंगे। रार्धना गांव के इंटर कालेज में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने तीन बार व्यक्तिगत मतभेद को समाप्त करने की बात कही। यह भी कहा कि सरधना वीरों की धरती है। वीर कायरता नहीं दिखाते। उन्होंने चौबीसी आने का कारण भी बताया। कहा कि जम्मू कश्मीर से सीधे सरधना आया हूं। कई और भी कार्यक्रम थे, लेकिन चौबीसी में आने का उनका मन था। लगे हाथ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संजीव बालियान की जीत सुनिश्चित कर दें, वे फिर आएंगे। सियासी हलकों में इसे एक तरह से चौबीसी में सुलह की कोशिश हुई है। भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान और सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम के बीच मतभेद चल रहे हैं।

बालियान पर आरोप लगाए, वीडियो वायरल
मुख्यमंत्री की सभा के बाद संगीत सोम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें संगीत सोम ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी संजीव बालियान पर कई गंभीर आरोप लगाए। सोम ने कहा कि संजीव विकास की राजनीति नहीं करते। जहां तक बात चौबीसी की है, मैं भाजपा का प्रचार करूंगा लेकिन संजीव बालियान का नहीं। वह मेरे लेबिल के नहीं हैं। इस बारे में संगीत सोम से संपर्क का प्रयास किया पर उनका फोन बंद मिला। हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

दूसरी बार हुई सुलह की कोशिश
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच के पीछे बने हेलीपैड के पास विशेष कॉटेज में संगीत सोम और संजीव बालियान से चंद मिनट मिले भी। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेरठ- रैली के बाद भी संगीत सोम की मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई थी। तब भी इन दोनों नेताओं के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं।

संजीव बालियान बोले चौबीसी क्षेत्र मेरा घर मिल रहा है प्यार
सभा के मंच से लोगों को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी डा. संजीव बालियान ने कहा कि चौबीसी क्षेत्र उनका घर है। उन्हें पिछले दो बार बहुत प्यार लोगों ने दिया। इस बार भी उन्हें लोगों का प्यार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चौबीसी क्षेत्र के लोग इस बार उन्हें पहले से अधिक वोट देकर यहां से भेजेंगे।

मतभेद भुलाकर राष्ट्र के लिए सोचें
क्षत्रिय समाज की कथित नाराजगी पर उन्होंने कहा कि हमें व्यक्तिगत मतभेद को दरकिनार कर राष्ट्र धर्म और राष्ट्र के लिए ही सोचना है। जो लोग गुमराह कर रहे हैं, उनके चक्कर में ना आएं। जाति के सौदागर उपयोग करेंगे और सौदा करके गायब हो जाएंगे। उन्होंने कहाकि संजीव बालियान पिछली बार जितनी वोट से जीते थे, इस बार उससे दोगुनी वोटों से उन्हें जिताने की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने करीब 17 मिनट के भाषण में पूरा फोकस विकास पर रखा और विकास के नाम पर ही संजीव बालियान के लिए वोट मांगे। सभा को सरधना के पूर्व विधाक संगीत सोम ने भी संबोधित किया।

सरधना की उपलब्धियां बता गए मुख्यमंत्री योगी
सरधना। मुजफ्फरनगर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान के समर्थन में चौबीसी क्षेत्र के रार्धना गांव में बुधवार को सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरधना की उपलब्धियां बता गए। मुख्यमंत्री ने नेशनल हाईवे, रैपिड रेल, खेल विश्वविद्यालय, मेडिकल कालेज, बिजली, पानी आदि की योजनाओं का भी जिक्र किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां बताईं।

 

Back to top button