मध्य प्रदेश

आज पेश होगा शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का अंतिम बजट, लोकलुभावन और हर वर्ग को खुश करने वाला हो सकता है बजट

बजट में महिलाएं, किसान और गरीबों पर होगा मुख्य फोकस

कैलाश गौर, भोपाल। शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का आज अंतिम बजट पेश किया जाएगा। पहली बार मध्यप्रदेश में ई-बजट लाया जाएगा। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा कुछ ही देर में पेपरलेस बजट पेश करने वाले हैं। सरकार आज करीब 3.25 लाख करोड़ का बजट पेश कर सकती है। चुनावी साल होने से यह बजट लोक-लुभावन यानी हर वर्ग को खुश करने वाला हो सकता है। बजट में सर्वाधिक बढ़ोतरी महिला एवं बाल विकास विभाग और युवा कल्याण विभाग के आवंटन में होने की संभावना है। इसके साथ ही सरकार किसानों के लिए भी अच्छा खासा पैसा दे सकती है। बजट में सरकार का हाल ही में सीएम शिवराज सिंह द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीण अर्धव्यवस्था पर भी सरकार का फोकस होगा। बजट को देखने, पढ़ने के लिए विधायकों को विधानसभा की ओर से टैबलेट दिए जाएंगे। अधिकारियों और मीडिया को पेनड्राइव में बजट दिया जाएगा।

सुबह 9 बजे वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा पत्नी के साथ पूजा-अर्चना कर अपने आवास से विधानसभा के लिए रवाना हुए। 

पिछले 23 साल में 20 गुना बढ़ा प्रदेश का बजट

प्रदेश में पिछले 23 साल में बजट में 20 गुना वृद्धि हुई है। 2000 में मध्यप्रदेश सरकार ने 16 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया था। 2022-23 में सरकार ने 2.79 लाख करोड़ का बजट प्रस्तुत किया था। इस बार का बजट लगभग 3.20 लाख करोड़ रुपये का होने की उम्मीद है। चुनाव साल में बड़ा फैसला सरकार ले सकती है। कोई चुनावी गैम चैंजर योजना की घोषणा हो सकती है। महिला, युवा के साथ अनुसूचित जााति, जनजाति वर्ग पर फोकस रहेगा। महिला स्व सहायता समूह को बढ़ावा देने के लिए बजट को बढ़ाया जाएगा। महिलाओं को कारोबार बढ़ाने के लिए कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध, लाड़ली बहना योजना के लिए बजट ऐलान। इस योजना पर 12000 करोड़ रुपये सालाना खर्च होंगे। वित्त मंत्री डिफाल्टर किसानों को लेकर भी बड़ा ऐलान कर सकते हैं। सरकार पांच लाख डिफाल्टर किसानों का ब्याज भी माफ कर सकती है। इस बार के बजट में शिवराज सरकार प्रदेश की जनता पर कोई आर्थिक बोझ नहीं डालेगी, न ही कोई नया सेस लगाएगी। डेवलपर के साथ जमीन के अनुबंध पर लगने वाली स्टाम्प डयूटी को 2.5% से घटाकर 1 से 1.5% किया जा सकता है। सरकार बजट में कुछ ऐसे प्रावधान करने जा रही है, जिसका फायदा बड़े वर्ग को होगा।

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा लेपटॉप बैग के साथ ई-बजट पेश करने के लिए विधानसभा में प्रवेश करते हुए।

लाड़ली बहना योजना होगा बीजेपी सरकार का बड़ा चुनावी हथियार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। इसे विधानसभा चुनाव से पहले मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। इसके साथ ही 45 लाख महिलाओं का कारोबार बढ़ाने के लिए कम ब्याज पर कर्ज दिलाने का ऐलान बजट में हो सकता है। चाइल्ड बजट की तरह इस बार यूथ बजट लाने की तैयारी है। अगले सात महीने में 87 हजार नई भर्तियों के लिए बजट में 4 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जा रहा है। सरकार की गरीब वर्ग को घरों पर स्टाम्प ड्यूटी से छूट देने की तैयारी भी है।

बजट पेश करने से पूर्व कैबिनेट बैठक में बजट काे सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।

बजट हाईलाइट्स…

  • वित्त मंत्री ने यह भी कहा, 10 साल दिग्विजय सिंह की सरकार रही। उस समय कर्ज लेकर वेतन भत्ते देते थे।
  • वित्त मंत्री ने कहा, बजट जनता की उम्मीदों का होगा। जनता मुस्कुराएगी। ‘लाडली बहना’ के लिए विशेष बजट है।
  • विधानसभा रवाना होने से पूर्व वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पत्नी के साथ अपने आवास पर पूजा की। पत्नी ने तिलक लगाकर मंत्री को विधानसभा के लिए रवाना किया।
  • सुबह 9 बजे मध्यप्रदेश सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अपने आवास से विधानसभा के लिए रवाना हुए।
  • बजट पेश करने से पहले विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में कैबिनेट बैठक राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। कैबिनेट बैठक में बजट का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।

 

Back to top button