मध्य प्रदेश

देशभर में प्रसिद्ध सीहोर का शरबती गेहूं बिक रहा 3500 रुपए, मंडी में वाहनों की लग रही एक-डेढ़ किमी लंबी लाइन ….

सीहोर. वैसे तो मालवा के गेहूं की प्रदेश ही नहीं, देशभर में भारी डिमांड है, लेकिन इसमें सीहोर का शरबती गेहूं काफी पसंद किया जाता है। स्थानीय मंडी में इन दिनों शरबती गेहूं के अच्छे दाम मिलने से किसान भारी मात्रा में गेहूं लेकर बेचने पहुंच रहे हैं। वर्तमान में शरबती गेहूं के दाम 2700 से 3500 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं, नतीजन हर दिन गेहूं बेचने आ रहे किसानों के वाहनों एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन लग रही है। यही स्थिति आज शुक्रवार को भी रही। सुबह मंडी खुलने से पहले रात से ही किसानों के गेहूं से लदे वाहन मंडी पहुंचना शुरू हो जाते हैं। जितने अनाज की दिनभर में नीलामी होती है, उतना ही फिर पहुंच जाता है, ऐेसे में कई किसानों को तो अपनी उपज बेचने के लिए मंडी में ही रात गुजारनी पड़ रही है।

ज्ञात हो कि नवंबर महीने में जिले की सीहोर और आष्टा कृषि उपज मंडी की आवक में तेजी से उछाल आया है। गुरुवार को आष्टा मंडी में 19 हजार 847 तो सीहोर मंडी में 17 हजार 852 क्विंटल की आवक दर्ज की गई। आष्टा में तो बंपर आवक से मंडी प्रबंधन को सुबह के समय परिसर भराने के बाद प्रवेश द्वार तक बंद करना पड़ा, जिससे कन्नौद रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की एक-डेढ़ किमी लंबी कतार लगने से आवाजाही करने वालों को परेशानी हुई। किसानों को इस समय रबी की बोवनी और लेनदेन करने के लिए रुपए की आवश्यकता लग रही है। इससे वे अपनी उपज बेचने मंडी पहुंच रहे हैं। इससे जिले की आष्टा, सीहोर कृषि उपज मंडी की आवक में हर दिन तेजी देखी जा रही है। गुरुवार को दोनों ही मंडियों को मिलाकर कुल 37 हजार क्विंटल से अधिक की आवक दर्ज हुई है। अधिक आवक से सीहोर मंडी परिसर कई दिनों बाद उपज से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से खचाखच भरा हुआ नजर आया। सीहोर मंडी समिति के अनुसार जिस तरह से आवक में इजाफा हो रहा है, उससे लगता है अगले सप्ताह में आवक 20 हजार क्विंटल पार कर जाएगी।

दीपावली अवकाश के बाद से ही आष्टा मंडी में जिले के अलावा देवास, शाजापुर जिले के किसान बड़ी संख्या में उपज बेचने आ रहे हैं। इससे मंडी परिसर छोटा पड़ने लगा है। बुधवार रात को भी कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से उपज लेकर पहुंचे, जिससे गुरुवार सुबह 9 बजे बाद परिसर फुल हो गया। मंडी में जगह नहीं होने से प्रबंधन ने गेट बंद कर दिया। इससे कन्नौद रोड पर बंजारी माता मंदिर तो दूसरी जगह थाने तक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। जिससे जाम की स्थिति बन गई थी। आज शुक्रवार को भी सुबह से ही दोनों मंडियों का परिसर ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से खचाखच भरा गया। मंडी परिसर से बाहर भी दूर-दूर तक वाहन ही वाहन नजर आ रहे थे।

सीहोर और आष्टा मंडी में इस भाव पर बिकी उपज

सीहोर मंडी

उपज  न्यूनतम भाव  अधिकतम भाव

गेहूं शरबती 2900  3200

गेहूं लोकवन 2471  2880

गेहूं मालवराज 2360  2485

चना लाल 3800  4342

चना सफेद 6217  7851

सोयाबीन 3701  5600

मसूर 5000  5890

 

आष्टा मंडी

उपज न्यूनतम अधिकतम

गेहूं शरबती 2731  3511

गेहूं लोकवन 2589      2700

गेहूं मालवराज 2251  2450

चना कांटा 3500  4500

चना डालर 8501  12300

सोयाबीन 2100  7153

मसूर 5500  6300

 

Back to top button