बिलासपुर

युवा और अनुभवी रामशरण से शहर को है उम्मीदें….

21 साल बाद यादव लीडरशीप की वापसी

बिलासपुर {अरविंद शर्मा} । बरसों से शहर को खोदापुर में तब्दील होते देख रहे लोगों को कांग्रेस से महापौर बने रामशरण यादव से बड़ी उम्मीदें हैं। ये उम्मीदें इसलिए भी बड़ी हो जाती है कि श्री यादव कभी पूर्व मंत्री के टीम में शामिल रहते हुए शहर के नब्ज को करीब से जानते और पहचानते हैं साथ ही वे पहले भी दो बार पार्षद के रूप में कार्य कर चुके हैं लिहाजा नगर निगम की राजनीति दांवपेंच और कार्यशैली को भलीभांति जानते समझते हैं।

शहर के लोग लम्बे समय से एक ही तरह के काम के पुनरावृत्ति से परेशान हो गये हैं। बीते कई सालों से सिवरेज यहां के लिए नासुर बन गया है। इस त्रास को शहर के लोगों के साथ साथ नवनिर्वाचित महापौर भी खूब समझते हैं। पिछली बार भी कांग्रेस ने रामशरण यादव को महापौर प्रत्याशी  के रूप में चुनाव में उतारा था लेकिन भाजपा के प्रभाव व कांग्रेस की गुटीय राजनीति के चलते उन्हे हार का मुंह देखना पड़ा था। अब इस बार चुनाव में पार्षद का चुनाव जीतने के साथ ही श्री यादव अब नगर के प्रथम नागरिक हैं। देखा जाय तो 21 साल बाद यादव लीडरशीप की शहर में वापसी हो रही है। कभी स्व. बीआर यादव के नेतृत्व में लम्बे समय तक शहर की राजनीति उनके इर्दिगिर्द चलती रही।

विधायक के बाद अब प्रथम नागरिक भी कांग्रेस का

वर्ष 1998 में भाजपा के अमर अग्रवाल के रूप में विधायक का चेहरा सामने आया और तब से वे लगातार पांच बार शहर का नेतृत्व करते रहे इस बार के विस चुनाव में राजनीति के मैदान के नए खिलाड़ी शैलेष पाण्डेय ने उनके जीत पर विराम लगा दिया। विधायक के बाद अब महापौर का पद भी कांग्रेस को लम्बे समय के बाद नसीब हुआ है।

देखने को मिलेगा बदलाव- पुराने कांग्रेसी होंगे एकजुट

महापौर रामशरण यादव भी कभी पूर्व मंत्री स्व. यादव के टीम का हिस्सा रहे हैं।शहर की राजनीति को करीब से जानते हैं। इसलिए अब एक संभावना बनती दिखायी पड़ रही है कि पुराने कांग्रेसी जो बीआर यादव के समय में सक्रिय रहे अब फिर से एकजुट हो सकते हैं। एक बार फिर से बिलासपुर में पिछड़ों को एकजुट करने का प्रयास होगा। कुल मिलाकर पुराने समय का अनुभव लिए राजनीति नए रूप में एक बार फिर से सामने आएगी और शहर की राजनीति में बदलाव देखने को मिलेगा।

रामशरण यादव के रूप में एक युवा चेहरा लोगों के सामने है अब उससे उम्मीदें भी काफी है। शहर के लोगों की उम्मीदों पर वे कितना खरा उतर पातें हैं ये आने वाले समय में पता चलेगा लेकिन एक नई टीम वर्क और राजनीति का प्रभाव जल्द ही लोगों को देखने को मिलेगा इसकी पूरी संभावना है।

Back to top button