छत्तीसगढ़बिलासपुर

मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर भाजपा ने दिया धरना, कहा- दो साल से विकास कार्य ठप …

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा क्षेत्र बिल्हा, बेलतरा, तखतपुर, मस्तूरी नगर निगम क्षेत्र बिलासपुर में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने आज दोपहर 1 बजे से नेहरू चौक में वृहद रूप से धरना प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सभी क्षेत्रों से हजारों की संख्या में उपस्थित आमजन, भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने धरना प्रदर्शन में भाग लिया।

भाजपा द्वारा जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल है। यहॉ मूलभूत सुविधाओं नाली, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था नालियों को साफ-सफाई आदि की समुचित व्यवस्था अविलंब किये जाने की मांग की है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने विगत दो वर्षों में किसी भी क्षेत्र का विकास कार्य नहीं किया है। पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़ा है। आर्थिक अभावों की वजह से कांग्रेस सरकार ने सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि नहीं दे रही है, भाजपा शासनकाल की लंबित अनेक योजनांए ठप हैं। विकास के नये कार्य प्रारंभ नहीं किए जा रहे है। नव निर्वाचित पार्षद जनता की मांग पर विकास कार्यो के लिए प्रस्ताव तो भेज रहे है, किन्तु उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सभी मामले आर्थिक अभाव की वजह से ठंडे बस्ते में डाल दिये जा रहे है।

भाजपाइयों ने कहा कि भाजपा की सरकार के समय सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में द्रुत गति से विकास कार्य चल रहे थे। सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधां मुहैया कराई गई थी किन्तु आज कांग्रेस के राज में विकास कार्य कराने में नगरीय प्रशासन पूरी तरह अक्षम है। उन्होंने कहा कि नये ग्रामीण क्षेत्रों का विलय नगरीय निकायों में किया गया है। वहॉ ग्रामीणों से टैक्स की वूसली कर ग्रामीणों का भरपूर शोषण किया जा रहा है, किन्तु उनके क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किए जा रहे है। उनकी मांगों एवं समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इन क्षेत्रों में न तो सड़के, बिजली और पेयजल की सुविधा है जिससे जनता त्रस्त है।

धरने को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा धरमलाल कौशिक ने कहा कि जबसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है प्रदेश में सभी विकास कार्य ठप पड़े है। बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डों में नाली, पानी, बिजली सड़क का काम नहीं हो रहा है गंदगी पसरी हुई है। लोगों को भयानक रूप से मच्छरों के प्रकोप का सामना करना पड़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा विधानसभा तखतपुर, बिल्हा, मस्तूरी, बेलतरा के जिन गांवों को बिलासपुर नगर निगम में शामिल किया गया है। वहां लोगों को मुलभूत समस्याओं से सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों से हम प्रतीक्षा कर रहे हैं कि कांग्रेस सरकार काम करेगी, लेकिन अब हम सरकार की विफलता को लेकर अब सड़क पर उतर कर विरोध करेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 2 वर्षों में शहर में विकास के लिए नगर निगम को 8 करोड़ रुपए मिले है, जबकि भाजपा शासनकाल में जब वे नगरीय प्रशासन मंत्री थे तब बिलासपुर नगर निगम को हर साल 100 करोड़ रुपए भेजते थे। तिफरा नगर पालिका, सकरी, सिरगिट्टी नगर पंचायतों में करोड़ों के विकास कार्य होते थे लेकिन आज कांग्रेस शासनकाल में सारे विकास के काम बंद पड़े हैं। चकरभाठा से विमान सेवा शुरू होने जा रही है इसका श्रेय लेने कांग्रेसियों में होड़ मची हुई है, जो सड़क व नाली नहीं बना सकते वे हवाई जहाज क्या उड़ायेंगे।

सांसद अरूण साव ने शहर विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांगेस के नेता सिर्फ ढिंढोरा पीटते हैं। भाजपा शासनकाल की पुरानी योजनाओं का आज वे शिलान्यास व उद्घाटन कर रहें है और झूठी वाहवाही लूट रहे हैं। सांसद साव ने कहा कि हवाई सेवा का मामला मैंने सदन में उठाया और प्रधानमंत्री की पहल हवाई सेवा शुरू होने जा रही है, लेकिन कांग्रेस नेता अपना श्रेय ले रहे हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की निकम्मी सरकार ने जनता से विकास के झूठे वायदे कर उन्हें ठगा, आज प्रदेश के नगरीय निकाय क्षेत्रों में विकास के कोई कार्य नहीं दिख रहे है, जनता अब कांग्रेस के इस छलावे को समझने लगी है। पूरा प्रदेश नगरीय निकाय क्षेत्रों में मुलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। विगत दो वर्षो से लोग समस्याओं से जूझ रहे है। इन समस्याओं को लेकर अब सड़क की लड़ाई लड़ी जायेगी।

मस्तूरी विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि नगरीय प्रशासन सरकार पूरे प्रदेश में पूरी तरह फेल है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में पूरी तरह से विकास कार्य ठप है। सड़क पानी, बिजली नाली की समस्या है। साफ सफाई का अभाव है और लोग मच्छरों से त्रस्त है। सड़कों में विद्युत प्रकाश के अभाव में अंधेरा छाया रहता है।

बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में बिलासपुर प्राथमिकता में नही है, यहां विकास कार्यों के लिए पैसा सरकार तरसा-तरसा कर दे रही है। वार्डों में विकास कार्य नहीं हो रहे है। आज कांग्रेस शानकाल में जो भी लोकार्पण शिलान्यास हो रहे है वह भाजपा सरकार की देन है।

महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडे ने अवैध प्लाटिंग का मुद्दा उठाया और कहा कि कांग्रेस शासनकाल में धड़ल्ले के साथ अवैध प्लाटिंग हो रही है। वहीं नगरीय निकाय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार विकास कार्य नहीं हो रहे है और टैक्स का बोझा आम लोगों उपर डाल दिया गया है।

धरने में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, महामंत्री घनश्याम कौशिक, मोहित जायसवाल, किशोर राय, तिलक साहू, अवधेश अग्रवाल, रामू साहू, गुलशन ऋषि, अशोक विधानी, धनंजय त्रिपाठी, बलराम देवांगन बी.आर. महोबिया, राजेन्द्र राठौर, संदीप दास, निम्मा जीवनानी, अजीत सिंह भोगल, अरविंद बोलर, चंद्रप्रकाश सूर्या, जुगल अग्रवाल, दीपक सिंह ठाकुर, निखिल केशरवानी, चन्द्रप्रकाश सूर्या, विनोद सोनी, विजय ताम्रकार, उदय मजूमदार, दुर्गा सोनी, राजेश सिंह, उमेश चन्द्र कुमार, श्याम साहू, मोती गंगवानी, शेखर पाल, विजय सिंह, प्रकाश यादव, हरि गुरूंग, युसूफरजा बरकाती, दिलीप कोरी, कुसुम कोशले, सीमा संजय सिंह, अनिता वर्मा, श्यामलाल बंजारे, दुर्गेश कौशिक, आरती मरकाम, सुनीता मानिकपुरी, निधि कमल जैन, विजय यादव, लक्ष्मी साहू, रंगा नादम, बंधु मौर्य, लक्ष्मी कृष्णा रजक, लक्ष्मी यादव, रेणुका नागपुरे, अहिल्या राकेश वर्मा, रूपाली गुप्ता, ओमप्रकाश पाण्डेय, कमला पुरूषोत्तम पटेल, सीमा दुसेजा, अंजनी दुबे, पुष्पा तिवारी सहित नगर निगम बिलासपुर के समस्त पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन हजारों की संख्या में उपस्थित थे।

Back to top button