मध्य प्रदेश

कर्नाटक से शिवराज का कांग्रेस पर कड़ा प्रहार: बोले- कांग्रेस की पहचान करप्शन, क्राइम और कमीशनखोरी

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष हुक्केरी, रामदुर्गा और गोकक सीटों पर मुख्यमंत्री ने ली सभाएं

भोपाल/बेंगलुरु। कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण की बात करती है। करप्शन, क्राइम और कमीशनबाजी कांग्रेस की पहचान बन गए हैं। कांग्रेस की सरकारें जहां पर भी हैं, वो करप्शन, क्राइम और कमीशन के आधार पर ही काम कर रही हैं। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी की पहचान है विकास, रेल कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी और स्वच्छता। भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार ने कर्नाटक में भी विकास के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। यह बात मप्र के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को कर्नाटक के चिक्कोडी जिले की हुक्केरी विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी निखिल कट्टी, बेलगावी जिले की रामदुर्गा विधानसभा में प्रत्याशी चिक्कारेवन्ना और गोकक विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी रमेश जारकीहोली के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।

कांग्रेस रोकती, भाजपा जनसेवा के लिए आगे बढ़ती 

चौहान ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन देने का काम कर रही है। भाजपा की सरकार कर्नाटक में सिंचाई की व्यवस्था कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपये प्रत्येक किसान को देते हैं, तो कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई भी हर साल 4 हजार रुपये किसानों के खाते में डालते हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी तो उस सरकार ने किसान सम्मान निधि के लिए पात्र किसानों के नाम तक नहीं भेजे थे ताकि किसानों को पैसा न मिल सके। इसलिए मैं आपसे कहना चाहता हूं कि कांग्रेस हमेशा रोकती है, लेकिन भाजपा जनता की सेवा करने के लिए आगे बड़ती ही जाती है।

कांग्रेस को खत्म कर रहे राहुल गांधी

चौहान ने कहा कि देश की आजादी के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस देश को आजाद कराने के लिए थी और अब वह काम पूरा हो चुका है। उस समय पं.जवाहरलाल नेहरू ने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी। लेकिन अब लगता है राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की बात मान ली है और यह संकल्प ले लिया है कि वो कांग्रेस को खत्म करके ही छोड़ेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बेंगलुरू में कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने का दिलाया संकल्प

जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें जनता के लिए सेवारत हैं, वहां केन्द्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार विकास के नये-नये किर्तीमान स्थापित कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के प्रति जनता का भरोसा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कांग्रेस हमेशा तोड़ो और राज करों की नीति पर काम करती रही है। कर्नाटक प्रदेश और क्षेत्र के विकास के लिए हमें भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाकर अपने बूथ को कांग्रेस मुक्त करना है। यह बात मप्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कर्नाटक प्रवास के दूसरे दिन बुधवार को बेंगलुरू जिले के मल्लेश्वरम विधानसभा की बैठक को संबोधित करते हुए कही। शर्मा ने मल्लेश्वर विधानसभा के अरमने नगर के वार्ड क्रमांक 35 में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू चल रहा है। उन्होंने वार्ड के कार्यकर्ताओं को ’’कांग्रेस मुक्त बूथ’’ का संकल्प दिलाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में दिख रहे उत्साह और उमंग से यह प्रतीत होता है कि कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ को ’’कांग्रेस मुक्त बूथ’’ बनाने के लिए संकल्पित है। बैठक में सूरत से विधायक प्रवीण घोघारे, तमिलनाडु बीजेपी की प्रदेश मंत्री प्रमिला संपत सहित वार्ड के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Back to top button