मध्य प्रदेश

शरद यादव का अंतिम संस्कार आज:भोपाल पहुंची पार्थिव देह, सीएम शिवराज सिंह, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सहित अनेक नेता देंगे श्रद्धांजलि

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और सपा प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल भी पहुंचे, दिग्विजय सिंह व कई नेता पैतृक गांव आंखमऊ तक जाएंगे

भोपाल। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव की पार्थिव देह दोपहर 12 बजे भोपाल पहुंची। दिल्ली से चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए पार्थिव देह को भोपाल लाया गया। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह श्रद्धांजलि देंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल भी स्टेट हेंगर पहुंचे हैं। भोपाल से शरद यादव की पार्थिव देह को सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव नर्मदापुरम जिले के आंखमऊ ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भोपाल से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी पार्थिव देह के साथ आंखमऊ तक जाएंगे। अलग-अलग राजनीतिक दल होने के बावजूद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और शरद यादव के बीच काफी करीबी रिश्ते थे। दिग्विजय सिंह ने जब नर्मदा परिक्रमा की थी, उस वक्त शरद यादव भी उनकी परिक्रमा में शामिल हुए थे। शरद यादव का गुरुवार को 75 साल की उम्र में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भोपाल में स्टेट हैंगर पर इंतजार करते हुए।

Back to top button