मध्य प्रदेश

नर्मदापुरम में मां नर्मदा जयंती महोत्सव का छाया उल्लास, दुल्हन की तरह सजा सेठानी घाट और शहर

सीएम शिवराज ने पत्नी साधना सिंह संग जलमंच से की पूजा-अर्चना और महाआरती

नर्मदापुरम। अंचल का सबसे बड़ा पर्व नर्मदा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अमरकंटक से लेकर गुजरात तक हर घाट पर जीवनदायिनी पुण्य सलिला मां नर्मदा के जन्मोत्सव का उल्लास छाया हुआ है। जगह-जगह नर्मदा जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए गए। नर्मदापुरम में भी नर्मदा जयंती और शहर का गौरव दिवस दोनों एक साथ मनाया गया। 27 जनवरी से दो दिवसीय महोत्सव शुरू हुआ। शनिवार को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नर्मदा जयंती और गौरव दिवस को लेकर सभी घाटों और शहर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। सेठानी घाट दुल्हन सा नजर आ रहा है। यहां विशेष जलमंच तैयार किया गया है, जहां सीएम शिवराज ने पत्नी साधना के संग वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और अभिषेक किया।

इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद राव उदय प्रताप सिंह, जिले के चारों विधायक मौजूद व अन्य गणमान्य लोग भी यहां मौजूद रहे। एक दिन पूर्व से ही समूचा शहर दीपों और रोशनी से जगमग हो गया। शुक्रवार सुबह सेठानी घाट पर मां नर्मदा की पूजा अर्चना एवं भजनांजलि की गई। इसके बाद घाट पर सैंकड़ों स्कूली छात्राओं के द्वारा घाट के गुर्जों व फर्श पर आकर्षण रंगोली, चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से स्नान व पूजन का सिलसिला जारी है। यहां नर्मदापुरम के अलावा हरदा, बैतूल, भोपाल समेत अन्य जिलों से श्रद्धालु यहां आते है। उनकी सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 600 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए हैं। नर्मदापुरम में दोपहर 2 बजे के बाद सभी घाटों पर पहुंचने वाले वाहनों पर रोक रही। पुलिस द्वारा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है।

घाट पर इंद्रधनुषी छटा बिखरी

नर्मदा जयंती के साथ ही नर्मदापुरम के गौरव दिवस से पूर्व घाटों की विशेष रूप से सफाई के साथ ही रंगाई, पुताई आकर्षक साज सज्जा व रंगबिरंगी इंद्रधनुषी रोशनी से घाट और अधिक आकर्षक हो गए हैं। प्रमुख चाैराहों पर सौंदर्यीकरण के तहत शाम के समय विशेष विद्युत सजावट भी की गई है।

सीएम शिवराज का ऐलान- नर्मदापुरम में बनेगा नर्मदा कॉरिडोर

नर्मदापुरम में नर्मदा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में लाडली लक्ष्मी बहन योजना लागू की जाएगी। इसमें पात्र लड़की को एक हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा शनिवार को नर्मदापुरम में नर्मदा जयंती समारोह को संबोधित करते हुए की। सीएम शिवराज ने इस अवसर पर रिमोट के माध्यम से दशहरा मैदान के उन्नयन कार्य, मुख्यमंत्री अधोसंरचना एवं विकास कार्यों, ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं नवनिर्मित आयुक्त भवन का लोकार्पण किया। यहां उन्होंने पत्नी साधना सिंह के साथ वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज के बीच मां नर्मदा की पूजा-अर्चना के बाद महाआरती भी की।

Back to top button