मध्य प्रदेश

सीएम शिवराज सिंह का बड़ा एलान: मध्यप्रदेश में अब शुरू होगी ‘लाड़ली बहना’ योजना, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1000 रुपए

मुख्यमंत्री सपत्नीक नर्मदा जयंती एवं नर्मदापुरम के गौरव दिवस समारोह में हुए शामिल

नर्मदापुरम। नर्मदा जयंती महोत्सव एवं नर्मदापुरम गौरव दिवस पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के हित में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने सेठानी घाट पर जल मंच से घोषणा करते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश में ‘लाड़ली लक्ष्मी’ योजना की तरह अब ‘लाड़ली बहना’ योजना शुरू की जाएगी, जिसमें प्रदेश की निम्न, मध्यम आय वर्ग की सभी जाति, पंथ, वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए दिए जाएंगे। हालांकि इनकम टैक्स रिटर्न भरने वाली महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने उज्जैन के महाकाल लोक की तरह नर्मदापुरम में नर्मदा कॉरिडोर बनाए जाने का भी ऐलान किया है। शिवराज सिंह शनिवार देर शाम नर्मदापुरम में नर्मदा जयंती महोत्सव में शामिल होने सपत्नीक पहुंचे थे। यहां उन्होंने पत्नी साधना सिंह के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और महाआरती भी की।

दुल्हन सा नजर आ रहा सेठानी घाट, बिखरी इंद्रधनुषी छटा

बता दें कि शनिवार पर को मध्यप्रदेश में जीवनदायिनी पुण्य सलिला मां नर्मदा का जन्मोत्सव मनाया गया। अमरकंटक से लेकर गुजरात तक मां नर्मदा के घाट पर नर्मदा जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए गए। नर्मदापुरम में भी नर्मदा जयंती और शहर का गौरव दिवस दोनों एक साथ मनाया गया। 27 जनवरी से दो दिवसीय महोत्सव शुरू हुआ। शनिवार को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नर्मदा के सभी घाटों और शहर को सजाया गया है। सेठानी घाट दुल्हन सा नजर आ रहा है। नर्मदा जयंती के साथ ही नर्मदापुरम के गौरव दिवस पर सभी घाटों की विशेष रूप से सफाई के साथ ही रंगाई, पुताई की गई। आकर्षक साज सज्जा व रंगबिरंगी इंद्रधनुषी रोशनी से घाट और अधिक आकर्षक हो गए हैं। प्रमुख चाैराहों पर सौंदर्यीकरण के तहत शाम के समय विशेष विद्युत सजावट भी की गई है।

ऐसी होगी ‘लाड़ली बहना’ योजना

  • योजना में जाति बंधन नहीं होगा। यानी किसी भी जाति-पंत की महिला इस योजना की पात्र होंगी।
  • आरक्षित वर्ग के साथ सामान्य वर्ग की महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
  • प्रत्येक परिवार की विवाहित महिला ही इस योजना की पात्र होंगी।
  • यदि कोई महिला आयकर दाता है तो उसे इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा।
  • योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
  • योजना के तहत प्रत्येक महिला को साल में 12 हजार रुपए मिलेंगे।
  • योजना से 5 साल में खजाने पर लगभग 60 हजार करोड़ का भार

मुख्यमंत्री ने उपस्थित शहरवासियों से ये 5 संकल्प भी दिलाए

  • साल में एक बार पेड़ लगाएंगे
  • नशा मुक्त शहर बनाएं
  • बेटी बचाएंगे, बेटी पढ़ाएंगे
  • व्यर्थ न बिजली जलाएंगे और न पेयजल बहने देंगे
  • शहर को स्वच्छता में नंबर वन

सीएम ने फ्लाईओवर समेत 79 करोड़ विकास कार्यों का शुभारंभ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मां नर्मदा के पूजन के बाद करीब 79 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। सीएम ने अधोसंरचना के तहत 2 करोड़ के विकास कार्य, लीगेसी बेस्ट रेमिडिएशन 3.42 करोड़, 5.53 करोड़ से बने रेलवे ओवरब्रिज, 11.26 करोड़ से बने नए कमिश्नर भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा, दशहरा मैदान में 1.97 लाख से बनने वाले ऑडिटोरियम का भूमिपूजन भी किया। जलमंच पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह, प्रभारी मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, सांसद राव उदयप्रताप सिंह, विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा, विजयपाल सिंह, प्रेमशंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, जिला प्रभारी सीमासिंह, जितेंद्र लीटोरिया ने मां नर्मदा का अभिषेक पूजन किया।

Back to top button