मध्य प्रदेश

कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री निवास पर प्रदर्शन

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर लगाए आरोप, कांग्रेस ने स्वतंत्र भारत में भेदभाव को समाप्त करने का काम किया : कमलनाथ

भोपाल। कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन से पहले आयोजित सभा को अभा कांग्रेस के महासचिव प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल ने संबोधित किया।

अभा कांग्रेस के महासचिव प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का हमेशा से मूल मंत्र रहा है कि इर इंसान बराबर है, इंसान को इंसान की तरह जीने का हक सुनिश्चित होना चाहिये। चाहे वह दलित हो, पिछड़ा हो, गरीब हो, किसी जाति का हो अथवा कोई भी काम करता हो, हर व्यक्ति बराबर है। बाबा साहेब अंबेडकर ने भारत को ऐसा संविधान दिया, जिसमें सामाजिक, राजनैतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक समानता का अधिकार मिले, दलित समाज को न्याय सुनिश्चित हो सके। कांग्रेस पार्टी ने स्वतंत्र भारत में भेदभाव को समाप्त करने का काम किया, ऊंच-नीच को खत्म किया, सभी को एक से अधिकार दिये ताकि हर इंसान, एक इंसान की तरह जीवन जी सके, लेकिन आज देश और परिस्थितियां अलग हैं। प्रदेश में दलित समाज पर घृणित अपराध और अन्याय हो रहा है, दलितों की पिटाई, महिलाओं के साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, दलितों के साथ मारपीट और हत्या जैसी घटनाएं प्रदेश में इस वर्ग के साथ रोज सुनने में आ रही है। आज इस समाज को न्याय नहीं मिल पा रहा है। वहीं इस वर्ग पर अत्याचार करने वाले अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, यह अत्यधिक लज्जाजनक और निंदनीय है।

अजा वर्ग पर हो रहे अपराध, मूक दर्शक बनी सरकार

मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि आज प्रदेश में अजा वर्ग के साथ जिस तरह प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा दमनकारी नीति अपनायी जा रही है, अजा वर्ग के लोगों में आक्रोश है। महंगाई, बरोजगारी, भ्रष्टाचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था से प्रदेश की जनता त्राहिमाम कर रही है। दलित, शोषित और गरीब वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता खुलेआम दलित वर्ग के लोगों पर अत्याचार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, दलितों पर अत्याचार के मामलों में मप्र देश में नंबर एक पर है, दलित महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं, दलित नाबालिगों के साथ अपराध में नंबर एक पर है मप्र। प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेकने के लिए एकजुट होकर हमें लड़ाई लडऩा होगी। कांग्रेस की सरकार बनेगी तभी इस वर्ग का विकास, उन्नति और उत्थान होगा।

घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पीसीसी के सामने आयोजित सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री निवास का घेराव-प्रदर्शन के लिए पैदल मार्च करते हुए निकले। जिन्हें पुलिस बल ने शिवाजी नगर चौराहे पर बलपूर्वक रोक कर गिरफ्तार कर लिया गया। कार्यक्रम में विधायक सुरेश राजे, मेवाराम जाटव एवं प्रागीलाल जाटव, प्रदेश महामंत्री राजीव सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, संजय मसानी, हेमंत नरवरिया, गुरूचरण खरे, धर्मेन्द्र खटीक, नितेश नरवरिया, राजेन्द्र मालवीय, गीता जाटव, प्रीति वर्मा, नीरज चंडाले, कुणाल गजभिये, भानू ठाकुर, दिनेश खटीक, महाराज सिंह राजौरिया, जगन्नाथ अहिरवार, मदनलाल चौधरी, शुभम इंद्रासे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस अजा विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Back to top button