नई दिल्ली

सत्येंद्र जैन की मसाज करने वाला पॉक्सो का आरोपी, तिहाड़ के अफसर बोले- वो फीजियोथैरेपिस्ट नहीं, रेपिस्ट है ….

नई दिल्ली। तिहाड़ जेल में सजा काट रहे आम आदमी पार्टी के मंत्री सत्येंद्र जैन जिस व्यक्ति से अपनी मसाज करवा रहे थे, वो रेप केस में आरोपी है। जेल में मसाज के वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के यशस्वी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाया था। उसके बाद दिल्ली के यशस्वी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि श्री जैन की तबीयत खराब है और उन्हें फीजियोथैरेपी दी जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि जैन को मसाज देने वाला व्यक्ति पॉक्सो एक्ट में बंद है। उसे एक साल पहले गिरफ्तार किया गया था। वह फीजियोथैरेपिस्ट नहीं है। यह खबर सामने आने के बाद भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- अच्छा तो ये फीजियोथैरेपिस्ट नहीं था। सत्येंद्र जैन को मसाज देने वाला रेपिस्ट था। शॉकिंग। केजरीवाल को जरूर इस पर जवाब देना चाहिए कि उन्होंने सत्येंद्र जैन का बचाव क्यों किया और फीजियोथैरेपिस्ट की बेइज्जती क्यों की।

दिल्ली की एक कोर्ट में जैन की ओर से पेश हुए एडवोकेट राहुल मेहरा ने आरोप लगाया है कि ED कोर्ट के आदेश और दिए गए वचन के बावजूद मीडिया को संवेदनशील जानकारी लीक कर रहा है। हालांकि ​​​​​​​ईडी का वकील जोहैब हुसैन ने इन आरोपों से इनकार किया है।

वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तुरंत सत्येंद्र जैन के पक्ष में सामने आए थे। उन्होंने कहा था कि जैन बीमार हैं और डॉक्टरों की सलाह पर फीजियोथैरेपी ले रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि तिहाड़ के वीडियो लीक कैसे हुए और भाजपा के पास कैसे पहुंचे। साथ ही जैन की बीमारी का मजाक बनाने को शर्मनाक बताया था।

Back to top button