मध्य प्रदेश

उपचुनाव में जीत के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिले सतवास नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षद

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा से गुरूवार को चार इमली स्थित उनके निवास पर देवास जिले के सतवास नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष बलवीर कौर सतनाम सिंह बग्गा और नवनिर्वाचित पार्षदों ने भेंट की। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभी पार्षदों को नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक विजय पर उन्हें शुभकामनाएं दी और पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सभी का स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर सरकार केन्द्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। इस अवसर पर देवास जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, विधायक पहाड सिंह कन्नौजे, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपीकृष्ण व्यास सहित जिले के पदाधिकारी उपस्थित थे। ज्ञात हो कि देवास जिले के सतवास नगर पंचायत के हाल ही में चुनाव हुए थे, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के 8 पार्षद विजयी हुए एवं अध्यक्ष बलवीर कौर सतनाम सिंह बग्गा निर्वाचित हुई। हालांकि कांग्रेस ने एक पार्षद की जीत और उसके बाद नगर परिषद अध्यक्ष के परिणाम को लेकर सरकार व जिला प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री से कलेक्टर को फोन करवाकर चुनाव परिणाम प्रभावित करवाने के आरोप भी लगाए हैं।

Back to top button