मध्य प्रदेश

दमोह में अनुसूचित जाति वर्ग के युवक की मौत के मामले में कांग्रेस ने गठित की जांच कमेटी

घटनास्थल का दौरा कर रिपोर्ट सौंपेगी पांच सदस्यीय समिति

भोपाल। प्रदेश के दमोह जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के युवक स्व. विक्रम उर्फ विक्की रोहित की मौत के मामले को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी की अगुवाई में किया है।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा गठित जांच कमेटी में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी, तरबर सिंह लोधी विधायक बंडा, मध्यप्रदेश कांग्रेस के सचिव राकेश राय, रेखा चौधरी पूर्व अध्यक्ष शहर कांग्रेस सागर और मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष अमित रामजी दुबे को शामिल किया है। जांच समिति घटनास्थल जाकर पीडि़त परिवार से मिलकर वस्तु स्थिति की जांच कर प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगी।

Back to top button