मध्य प्रदेश

गरबा में बाहर से लड़कियां बुलाने और फूहड़ डांस कराने पर बवाल…, आगर में दलितों और दबंगों में जमकर चले लट्ठ, 9 लोग घायल …

आगर मालवा। आगर-मालवा जिला मुख्यालय के पास कांकर गांव में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। यहां दबंगों और दलितों में गरबा करने के लिए बाहर से लड़कियां बुलाने और फूहड़ डांस कराने को लेकर विवाद हो गया। इसमें दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो वायरल हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक कांकर गांव में दलितों की ओर से दुर्गा माता की प्रतिमा स्थापित की गई है। शनिवार को यहां गरबा करने के लिए दो लड़कियों को बाहर से बुलाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। दबंगों का कहना है कि माता के पंडाल में फूहड़ डांस किया जा रहा था। रोकने के दौरान मारपीट हो गई।

वहीं, दलितों का कहना है कि गरबे में दबंग लोग नशे में धुत होकर आ गए। वे लड़कियों पर पैसे उड़ाने लगे। ये बात लोगों को नागवार गुजरी। इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। रात में विवाद हुआ था। जैसे-तैसे रात को मामला शांत हो गया। सुबह इसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने इस मामले में बताया कि गरबा करने के लिए लड़कियों को बुलाने की बात पर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

ये लोग हुए घायल

एक पक्ष के तूफान, श्याम, मान, बालक बाई घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष से सुजान, जगदीश, प्रभू, रम्बाबाई और जगदीश घायल हुए हैं।

Back to top button