मध्य प्रदेश

बुरहानपुर को हर घर जल प्रमाणित जिला घोषित करने के लिए सम्मान, म.प्र. को मिला स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2022 में पश्चिम जोन में प्रथम पुरस्कार …

भोपाल। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2022 पुरस्कार समारोह में हर घर जल प्रमाणित जिला घोषित करने के लिए सम्मानित किया गया। बुरहानपुर में सभी गाँव ने ग्राम सभाएँ आयोजित कर सत्यापित किया कि उनके सभी घरों, शालाओं और आँगनवाड़ियों में सुरक्षित पीने का पानी सही मात्रा में नियमित रूप से मिल रहा है। स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन में एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने ये पुरस्कार प्रदान किया।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2022 में पश्चिम जोन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों में मध्यप्रदेश को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। पुरस्कार पंचायत एवं ग्रामीण विकास के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने ग्रहण किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों में भोपाल को प्रथम एवं इंदौर को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। सुजलम 1.0 अभियान में श्रेष्ठ कार्य के लिये मध्यप्रदेश को प्रथम और सुजलम 2.0 अभियान में चतुर्थ पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

ये पुरस्कार केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रदान किये। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव और बुरहानपुर कलेक्टर प्रवीण सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किये। केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल और बिश्वेश्वर टुडु उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुरहानपुर जिले को स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2022 पुरस्कार समारोह में देश का प्रथम हर घर जल प्रमाणित जिला घोषित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश को अनेक पुरस्कार मिले हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हर घर में जल पहुँचाने के कार्य को देश में सबसे पहले करने वाले जिले के रूप में प्रदेश के बुरहानपुर जिले का चयन राष्ट्रीय उपलब्धि है।

बुरहानपुर जिले को इस कार्य में देश में प्रथम आने पर मिला यह पुरस्कार उस कठोर मेहनत का नतीजा है, जिसमें जिले की पंचायतों की ग्राम सभाएँ इस कार्य को सत्यापित कर चुकी हैं कि सभी घर, विद्यालय और आँगनवाड़ी केंद्रों में साफ और सुरक्षित पीने का पानी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बुरहानपुर को हर घर नल से जल पहुँचाने के संकल्प को साकार करने वाले सभी लोग अभिनंदन के पात्र हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह गौरव और सम्मान टीम मध्यप्रदेश के सभी सदस्यों के सतत परिश्रम एवं ईमानदार प्रयासों का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री चौहान ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला प्रशासन, बुरहानपुर जिले के अधिकारी-कर्मचारी, जल जीवन मिशन के समस्त स्टाफ और जिले के नागरिकों एवं जन-प्रतिनिधियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

Back to top button