मध्य प्रदेश

देश के दिल मध्यप्रदेश पहुंची राहुल गांधी की यात्रा, उमड़ा जन सैलाब, एक झलक पाने के लिए छतों पर चढ़े लोग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल का जोरदार स्वागत आरती उतारी, लोक नृत्य कलाकार रीना पवार ने उनके स्वागत में बंजारा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी

भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में प्रवेश करने पर उमड़ा जन सैलाब।

एमपी पहुंचने पर राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं के साथ हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन किया।

भोपाल/बुरहानपुर। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की बुधवार सुबह मध्यप्रदेश में एंट्री हो गई है। आज से भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश चैप्टर शुरू हो रहा है। वे 12 दिनों तक मध्य प्रदेश में रहेंगे। इसके बाद वो आगर के रास्ते राजस्थान के लिए प्रस्थान करेंगे। राहुल सुबह 7 बजे बोदरली गांव कार पहुंचे। महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से सुबह 6 बजे राहुल गांधी का काफिला र‌वाना हुआ था। यहां पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल का जोरदार स्वागत किया। यहां उनके स्वागत के लिए पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव सहित प्रदेश के सभी दिग्गज नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे। उनकी आरती उतारी गई। ​​बंजारा लोक नृत्य कलाकार रीना नरेंद्र पवार ने उनके स्वागत में लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। ज्ञात हो, मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में बदलाव हुआ है। पहले यात्रा 20 नवंबर से निकलने वाली थी, लेकिन राहुल गांधी चुनावी सभा लेने गुजरात गए थे। वहां से लौटने के बाद यात्रा मध्य प्रदेश में शुरू हुई।

लोक नृत्य कलाकार रीना पवार ने राहुल गांधी के स्वागत में बंजारा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी।

महाराष्ट्र से बोदरली पहुंचने पर राहुल गांधी ने सभा को संबोधित कर एमपी में अपनी यात्रा शुरू की।

अपने पहले भाषण में यह बोले राहुल गांधी…

राहुल ने बुरहानपुर में अपनी यात्रा की पहली सभा को संबोधित कर यात्रा प्रारंभ की। इसके बाद राहुल पैदल चलने लगे थे। बोदरली गांव में यात्रा शुरू करने से पूर्व राहुल ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई है। हम मध्यप्रदेश में 370 किमी चलेंगे। श्रीनगर में तिरंगे को लहराएंगे। यात्रा का लक्ष्य- हिंदुस्तान में फैलाई गई नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ माहौल बनाना है। हिंदुस्तान में किसी को भी किसी से डरने की जरुरत नहीं है। राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में अपना पहला भाषण 11 मिनट का दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यात्रा में हम लोगों की बात सुनते हैं। हम मुंह बंद, कान खुला रखते हैं। हम अपने मन की बात नहीं कहते। हम 7 घंटे चलते हैं। हम सबके मन की बात सुनते हैं। युवाओं के मन की बात क्या है। मजदूरों के मन की बात क्या है? व्यापारियों के मन की बात क्या है? आप देखना लाखों किसान और लाखों युवा यात्रा में शामिल होंगे।

कमलनाथ ने ट्वीट कर कार्यकर्ताओं से अपील की

यात्रा के पहुंचने पर कमलनाथ ने यात्रा का ध्वज थामकर मध्यप्रदेश में यात्रा की शुरुआत की। यात्रा शुरू होने के तुरंत बाद कमलनाथ ने ट्वीट किया’ हम सबको मिलकर एक मजबूत भारत बनाना है और राहुल गांधी की यात्रा को अपना संपूर्ण सहयोग देना है। प्यारे साथियों, बुरहानपुर से मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो गई है। आप सब बड़ी से बड़ी संख्या में भारत के लोकतंत्र की रक्षा और भारत के समाज को जोड़ने की इस यात्रा में शामिल हों।’

प्रियंका गांधी ने भी किया ट्वीट

यात्रा की एमपी में एंट्री होने पर प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा ‘आज से #BharatJodoYatra मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रही है। देशवासियों के समर्थन से राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रेम व प्रगति का कारवां मज़बूती से आगे बढ़ रहा है।’ ज्ञात हो, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उनके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी अगले चार दिनों तक रहेंगी। यह पहला मौका है, जब प्रियंका गांधी भारत जोड़ा यात्रा से जुड़ेंगी। इस दौरान वे बुरहानपुर में सभा को भी संबोधित करेंगी। हालांकि, पहले बताया जा रहा था कि वे उज्जैन में भी साथ होंगी, लेकिन बदले कार्यक्रम में वे बुरहानपुर से मऊ तक ही राहुल के साथ रहेंगी।

युवा पुलिसकर्मी यात्रा के लिए तैनात

राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में मध्य प्रदेश पुलिस ने चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस ने 35-38 साल के युवा पुलिसकर्मियों को तैनात किया है, ताकि वे यात्रा के दौरान पैदल चलते हुए नहीं थकें। सुबह बोरदरी पहुंचते ही 100 से ज्यादा पुलिस जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। राहुल से 100 मीटर आगे पुलिस जवान रस्से के चौकोर घेरे को बनाकर चल रहे थे। सीआरपीएफ के जवान राहुल के आसपास चल रहे थे, जो भीड़ को राहुल के करीब जाने से रोक रहे थे। राहुल की एक झलक पाने के लिए लोग सड़क के दोनों ओर तथा लोग घरों की छतों पर भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

सीएम शिवराज बोले- मप्र की धरती पर जो आएगा, उसका हम स्वागत करते हैं

यात्रा प्रारंभ होने से पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘मध्य प्रदेश में सबका स्वागत है, मध्यप्रदेश की धरती पर जो आएगा उसका हम स्वागत करते हैं। राहुल गांधी आ रहे हैं, उनका भी स्वागत हैं।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राहुल गांधी की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, सुरक्षा पूरी तरह से दी जाएगी, क्योंकि सुरक्षा की सारी जवाबदारी हमारी है।’

4 घंटे, 8 किलोमीटर चलने के बाद यात्रा रुकी, अब शाम को चलेंगे राहुल गांधी

मध्य प्रदेश में प्रवेश करने पर भारत जोड़ो यात्रा ने 4 घंटे में 8 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद पहला विराम लिया है। सुबह साढ़े 10 बजे यात्रा जैदाबाद स्थित सेंट जेवियर स्कूल पहुंची। यहां सभी पैदल यात्री सुस्ताते नजर आए। राहुल भी यहां एक कक्ष में आराम करने चले गए। राहुल सहित सभी यात्री दोपहर का भोजन करने के बाद शाम 4 बजे तक स्कूल में विश्राम करेंगे। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ेगी। शाम 7 बजे यात्रा झिरी में रात्रि विश्राम करेगी। गुरुवार को फिर निंबोला बस स्टैंड से यात्रा शुरू होगी।

Back to top button