दुनिया

ब्रिटेन और अमेरिका को दुनिया के नक्शे से मिटाने की तैयारी में पुतिन! बना लिया पूरा प्लान …

मॉस्को। रूस लगातार अमेरिका समेत पश्चिमी देशों पर नाराजगी जताता रहा है। परमाणु हमले से मना करने के बावजूद भी रूस परमाणु हमले से जुड़ा अभ्यास कर रहा है। एक टॉप रूसी मिलिट्री एक्सपर्ट ने दावा किया है कि व्लादिमीर पुतिन ने परमाणु अभ्यास में ब्रिटेन और अमेरिका को दुनिया के नक्शे से मिटाने का पूर्वाभ्यास किया है।रूस और यूक्रेन के बीच पिछले आठ महीने से युद्ध जारी है। दिन बीतने के साथ ही युद्ध और भयावह होता गया है। पहले आशंका जताई जा रही थी कि रूस यूक्रेन पर परमाणु हमला कर सकता है, लेकिन बीते दिन राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इससे इनकार कर दिया।

रूस की राष्ट्रीय रक्षा पत्रिका के एडिटर-इन-चीफ कर्नल इगोर कोरोटचेंको ने कहा कि अगर रूस परमाणु हमलों की चपेट में आता है तो यह अभ्यास ब्रिटेन और अमेरिका को जवाबी हमले में मिटाने का अभ्यास करने के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन अटलांटिक महासागर में समा जाएगा, जबकि अमेरिका के स्थान पर कॉमरेड स्टालिन के नाम पर एक समुद्री जलडमरूमध्य होगा। कोरोटचेंको ने रूसी सरकार के टीवी चैनल को बताया कि यह रणनीतिक प्रशिक्षण अभ्यास का उद्देश्य था, जिसे ऑपरेशन थंडर के रूप में जाना जा रहा है। इसे पुतिन ने यूक्रेन-रूस के बीच चल रहे युद्ध के बीच में शुरू किया है, जिसपर पूरी दुनियाभर की नजरें टिकी हुई हैं।

उन्होंने आगे कहा, “मैं जज नहीं कर रहा हूं, लेकिन यह स्पष्ट है कि यह (रूसी अभ्यास) एक जवाबी कार्रवाई के लिए किया जा रहा था।” उन्होंने आगे कहा, “इस संबंध में यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हमने दिखाया कि हमारे मुख्य दुश्मन कौन हैं और कोई समझौता नहीं किया जा रहा है। संकेत (अमेरिका और ब्रिटेन को) भेज दिए गए हैं।”टीवी एंकर ओल्गा स्केबेयेवा ने कोरोटचेंको से पूछा, ”तो हमने आज अमेरिका और ब्रिटेन को नष्ट करने का अभ्यास किया है, है न?” तो इस पर उन्होंने जवाब दिया, “बिल्कुल सही और … यह सब हुआ।”

उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास अमेरिका में उसकी जगह पर कॉमरेड स्टालिन के नाम पर एक समुद्री जलडमरूमध्य और ग्रेट ब्रिटेन के स्थान पर अटलांटिक महासागर होगा. ऐसे में उन्हें शांत हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोई हम ब्लैकमेल नहीं कर रहे हैं। एक बार अगर हमला हम पर होता है तो हम वास्तव में यही करने जा रहे हैं। बीते दिनों अभ्यास के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। रूसी मिलिट्री द्वारा संचालित ज़्वेज़्दा वेबसाइट द्वारा जारी वीडियो में सशस्त्र बलों को कंप्यूटर के सामने यार्स बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च करते हुए दिखाया गया है। अन्य फुटेज में एक सिनेवा इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल को बैरेंट्स सी में एक पनडुब्बी से दागा जा रहा है। क्रेमलिन ने भी बयान दिया है कि अभ्यास के लिए निर्धारित सभी कार्यों को पूरा किया गया और जिन मिसाइलों का परीक्षण किया गया, वे अपने निर्धारित लक्ष्य तक पहुंच गईं।

बीते दिन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के किसी भी इरादे से इनकार किया लेकिन वहां के संघर्ष को पश्चिम द्वारा अपने वैश्विक प्रभुत्व को सुरक्षित करने के कथित प्रयासों के हिस्सा बताया। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि वैश्विक प्रभुत्व के पश्चिम के प्रयास नाकाम होंगे। पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय विदेश नीति विशेषज्ञों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि रूस के लिए यूक्रेन पर परमाणु हथियारों से हमला करना निरर्थक है। उन्होंने कहा, ”हमें इसकी कोई जरूरत नहीं दिख रही है। इसका कोई मतलब नहीं है, न तो राजनीतिक और न ही सैन्य।” पुतिन ने अपने लंबे भाषण में अमेरिका और उसके सहयोगियों पर भी जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अमेरिका और उसके सहयोगियों पर प्रभुत्व के “खतरनाक, रक्तरंजित और गंदे” खेल में अन्य देशों पर अपनी शर्तों को थोपने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

Back to top button