मध्य प्रदेश

प्रेमजाल, रेप और 10 लाख की ठगी… एमआर को मैट्रीमोनियल साइट पर युवक से दोस्ती पड़ी महंगी

विधवा एमआर की शिकायत पर आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में एमआर की जॉब करने वाली विधवा महिला से मेट्रोमोनियल साइट के जरिये पहले दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उससे दोस्ती बढ़ाई। बाद में महिला से शारीरिक संबंध भी बनाए और उससे करीब 10 लाख रुपए भी ठग लिए। औरंगाबाद (महाराष्ट्र) निवासी आरोपी सुमित गुप्ता अब विजय नगर पुलिस गिरफ्त में है।

एमआर महिला ने जबलपुर की विजय नगर पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। उसकी एक बेटी है। एमआर के जॉब में परिवार अच्छा चल रहा था। दो साल पूर्व मेट्रोमोनियल साइट पर महाराष्ट्र औरंगाबाद निवासी सुमित गुप्ता से उसकी दोस्ती हुई। इस बीच दोनों ने एक-दूसरे का नंबर दिया, इसके बाद उनकी मोबाइल पर बातें होने लगी। सुमित ने महिला को शादी का ऑफर किया तो वह तैयार हो गई। इसके बाद सुमित हर एक-दो माह में जबलपुर आने लगा और किसी ना किसी बहाने से उससे रुपए लेने लगा। आरोपी ने महिला से कहा कि जल्द ही हम लोग शादी कर लेंगे। सुमित पर विश्वास करते हुए महिला ने थोड़ा-थोड़ा कर उसे 10 लाख रुपए दे दिए, इस बीच कई बार सुमित ने महिला के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।

महिला ने बताया कि लंबे समय तक यह सिलसिला जारी रहा। लेकिन, रुपए लेते ही सुमित के हावभाव बदल गए और उसने दूरियां बनाना शुरू कर दिया। महिला ने युवक को जब शादी करने के लिए कहा तो उसने साफ मना कर दिया। इस बीच पीड़ित महिला का इस बीच एक्सीडेंट हो गया और उसकी बोन कालर टूट गई। महिला ने सुमित गुप्ता को फोन लगाकर अस्पताल में बुलाया था। महाराष्ट्र से जबलपुर आने के बाद जब सुमित गुप्ता एक होटल में रुका था, उसी दौरान पुलिस को भनक लगी कि सुमित गुप्ता जबलपुर आया है। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को होटल से गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ धारा 376, 377, 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विजय नगर टीआई संदीपका ठाकुर ने बताया कि महिला ने कुछ दिन पहले आकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि सुमित ने उसे शादी का झांसा देते हुए कहा था कि उसका पत्नी से तलाक होने वाला है, इसके बाद वह उससे शादी कर लेगा। महिला ने बताया कि सुमित ने अपनी बातों में फंसाकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बहरहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Back to top button