छत्तीसगढ़बिलासपुर

तीन दिन बाद भी हत्या या आत्महत्या यह तय नहीं कर पाई पुलिस, रेप के बाद हत्या की आशंका, जिंदा जलने वाली महिला की मौत पर सवाल …

बिलासपुर । बिलासपुर में जिंदा जलने वाली महिला की मौत के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। बीते शुक्रवार की रात उसलापुर-मंगला के महावीर नगर के पास झाड़ियों में एक महिला गंभीर रूप से जल गई थी। उसके चीखने और चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 और संजीवनी 108 की टीम ने उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अब तक यह तय नहीं कर पाई है कि महिला की हत्या हुई है या फिर उसे जिंदा जलाया गया है। घटनास्थल पर डिस्पोजल, पानी बोतल और चप्पल मिले हैं। अब यह भी आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ रेप कर उसकी हत्या की गई होगी। लेकिन, हैरानी वाली बात है कि पुलिस इस गंभीर केस की जांच में उदासीन है। यहां तक न तो फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और न ही इलाज करने वाले डॉक्टर की राय ली गई है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद परिजन की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

बुरी तरह से झुलसी महिला दर्द से कराह रही थी और बदहवास थी। महिला छत्तीसगढ़ी बोल रही थी, पर बयान देने की स्थिति में नहीं थी। इसलिए उसके साथ क्या हुआ यह पता नहीं चल सका है। महिला की मौत के बाद पुलिस अभी तक उसकी पहचान नहीं कर पाई है। उसके दाएं हाथ में सोने की दो अंगूठी व दोनों हाथों में लाल-पीली चूड़ी थी। एक पैर में बिछिया था और कान में सोने की टॉप्स पहनी थी। उसकी उम्र 35 से 37 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

महिला की मौत के बाद उसकी पहचान करने के लिए पुलिस ने ईश्तहार जारी किया है। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी का कहना है कि महिला की पहचान करने के लिए आसपास के थानों को भी जानकारी भेजी गई है। लेकिन, उसकी पहचान नहीं कर पाए हैं। पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवा दिया है। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी का कहना है कि महिला के परिजन की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराएंगे। इसके बाद ही उसकी मौत कारणों का पता चल सकेगा। ईश्तहार जारी करने के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है।

महिलाओं पर अपराध होने पर त्वरित कार्रवाई करने का दावा करने वाली पुलिस इस गंभीर केस को क्यों नजर अंदाज कर रही है। इसे लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। यदि महिला ने आत्महत्या की होगी, तो इलाज करने वाले डॉक्टर से राय लेकर पुलिस आगे की जांच कर सकती है। इसके साथ ही फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम से भी जांच कराई जानी थी। ताकि, यह पता लगाया जा सके कि महिला ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या हुई है। पुलिस इस केस में तीन दिन से सिर्फ महिला की पहचान करने की कोशिश करने का दावा कर रही है। लेकिन, महिला के साथ यह घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच नहीं की जा रही है।

सीन ऑफ क्राइम में महिला को जलाने की आशंका

  1. जिस जगह पर महिला जली हुई हालत में मिली है, उस जगह पर कोई महिला रात में अकेली झाड़ियों में छिपकर खुद पर आग क्यों लगाएगी।
  2. जहां पर महिला जली हुई तड़प रही थी वहीं पर पानी बोतल, डिस्पोजल मिले हैं। महिला के भी शराब के नशे में होने की बात कही जा रही है। ऐसे में महिला के साथ किसी और के होने का शक है।
  3. मौके पर पेट्रोल या मिट्टीतेल के खाली डिब्बे नहीं मिले हैं, हां, माचिस का डिब्बा जरूर मिला है। महिला शराब के नशे में खुद पर आग लगाती, तो इधर-उधर जरूर भागती। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ है।
  4. जिस जगह पर महिला जली है, वह सूनसान है और आसपास झाड़ी है। इस स्थिति में महिला के साथ रेप कर उसकी हत्या की आशंका है। यह भी संभव है कि हत्यारों ने महिला की पहचान न हो, इसलिए उसे जला दिया होगा।
Back to top button