मध्य प्रदेश

पंचायत सचिव ने भाजपा के व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दिया पोर्न वीडियो, मचा बवाल …

भोपाल. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक पंचायत सचिव ने भारतीय जनता पार्टी के एक व्हाट्सएप ग्रुप में पोर्न वीडियो डाल दिया। वीडियो शेयर होने के बाद पंचायत सचिव द्वारा किए गए इस कृत्य की ग्रुप में जमकर आलोचना शुरू हो गई है। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि, इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद विजयपुर जनपद सीईओ बलवीर कुशवाह ने पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने की बात कही है।

दरअसल, भाजपा के वीरपुर मंडल अध्यक्ष सीताराम राठौर ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप में बीजेपी के नेताओं के अलावा अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग भी जुड़े हुए हैं। वीरपुर तहसील इलाके की बड़ागांव ग्राम पंचायत में पदस्थ पंचायत सचिव बारेलाल राठौर ने इस ग्रुप पर अश्लील वीडियो शेयर कर दिया। वीडियो डाले जाने के बाद ग्रुप से कई महिलाएं समेत अन्य सदस्य तो लेफ्ट हो गए, लेकिन अधिकतर लोगों ने सचिव के इस कृत्य की जमकर आलोचना की।

इस मामले को लेकर जनपद सीईओ बलवीर सिंह कुशवाहा का कहना है कि मीडिया के माध्यम से मुझे इस बात की जानकारी लगी है। इस प्रकार का वीडियो अगर किसी भी कर्मचारी द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा जाता है तो ये बेहद ही शर्मनाक है। अभी हम नोटिस जारी कर रहे हैं। इसमें संबंधित शख्स से जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button