बिलासपुर

अब नागरिकता कानून के समर्थन में भी सड़क पर उतरे लोग, 30 दिसंबर को बड़ी रैली की तैयारी

बिलासपुर। नागरिकता संशोधन कानून आने के बाद देशभर में विभिन्न स्थानों पर इसके खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के बाद अब इसके समर्थन में भी प्रदर्शन शुरू हो गया है। आज शहर में भी इसके समर्थन में लोग इकट्‌ठा हुए और एक रैली भी निकली। आने वाले 30 दिसंबर को भी एक बड़ी रैली करने की तैयारी की जा रही है।

इस संबंध में जानकारी के अनुसार आज दोपहर को लगभग 1 बजे नगर के पुराने बस स्टैंड के पास बड़ी संख्या में लोग नागरिकता कानून के समर्थन में आए और हाथों में झंडा बैनर के साथ नए कानून का समर्थन करते हुए एक रैली की। गौरतलब है कि पूरे देश में इस कानून के विरोध में जगह जगह हुए प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं के बाद आज देश की राजधानी नई दिल्ली में भी नागरिकता कानून के समर्थन में भी लोगों ने सड़क पर उतरकर आवाज बुलंद की है। बिलासपुर में भी लोगों ने आज एक रैली कर नागरिकता कानून संशोधन कानून का समर्थन किया।

जानकारी के अनुसार आने वाले 30 दिसंबर को नागरिकता कानून के समर्थन में एक बड़ी रैली की तैयारी की जा रही है जो पुराना बस स्टैंड से निकाली जाएगी। नागरिकता कानून के समर्थन में की जा रही रैली व सभा को किसी संगठन के ओर से नहीं वरन आमजनता की ओर से किया जा रहा आंदोलन बताया जा रहा है।  रैली में शामिल कुछ लोगों ने कहा कि राष्ट्रविरोधी लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए। जिनकी संख्या मुट्‌ठीभर है और ऐसे लोग देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

Back to top button