मध्य प्रदेश

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से भोपाल के वन विहार में आया नया मेहमान

घायल तेंदुए को रेस्क्यू कर लाया गया, डॉक्टरों की निगरानी में क्वारेंटाइन में रखा गया

भोपाल। राजधानी भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मटकुली परिक्षेत्र की झिरिया बीट से बुधवार को एक घायल वयस्क मादा तेंदुए को रेस्क्यू कर लाया गया। वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. गुरुदत्त शर्मा, डॉ. प्रशांत देशमुख और वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट के नेतृत्व में लाई गई मादा तेंदुआ फिलहाल चल नहीं पा रही है, लेकिन उसके तेवर आक्रामक हैं। फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में क्वारेंटाइन में रखा गया है।

वन विहार के डिप्टी डायरेक्टर एसके सिन्हा ने बताया कि तेंदुआ मंगलवार को घायल अवस्था में मिला था। इसके बाद उसका रेस्क्यू किया गया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने तेंदुआ वन क्षेत्र में छोड़ने के लिए उपयुक्त न पाए जाने के कारण उपचार एवं निगरानी के लिए वन विहार भेजने का निर्णय लिया गया। उक्त मादा तेंदुआ अत्यंत घायल है, वह चल-फिर सकने में असमर्थ है। उक्त मादा तेंदुआ का वन विहार के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद उसे क्वारेंटाइन किया गया। इस दौरान उसकी गतिविधियों एवं व्यवहार पर सतत निगरानी रखी जाएगी। पूरी तरह ठीक होने के बाद ही उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।

Back to top button