मध्य प्रदेश

प्रदेश कांग्रेस की आज बड़ी बैठक, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ लेंगे सभी प्रकोष्ठ अध्यक्षों की बैठक

कांग्रेस की इस अहम बैठक में प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के परफॉरमेंस की होगी समीक्षा

भोपाल। इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरे चुनावी मोड में आ गई है और रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी के चलते कांग्रेस ने संगठन में कसावट शुरू इसकी शुरूआत युवा मोर्चा से निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने के बाद अब उसने अन्य प्रकोष्ठों पर फोकस किया है। इसीके तहत आज गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ यह अहम बैठक ले रहे हैं। बैठक में वे महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, बाल कांग्रेस सहित सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और महामंत्रियों की क्लास लगाएंगे।

इस बैठक में कमलनाथ आज कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। जिलों में पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा पर भी चर्चा होगी। इसमें निष्क्रिय पदाधिकारियों की संगठन से छुट्‌टी भी हो सकती है। बैठक में बुलाए गए सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, महामंत्रियों को अपने जिलों की लिस्ट लेकर आने के निर्देश दिए गए हैं। आज होने जा रही इस बैठक में संगठन द्वारा दिए गए कार्यक्रमों की परफॉरमेंस रिपोर्ट, प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की परफॉरमेंस की भी समीक्षा की जाएगी।

पीसीसी टीम और ब्लॉक अध्यक्षों की जारी हो सकती है नई लिस्ट

कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के अनुसार पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस की नई टीम के गठन को लेकर  भी आज की बैठक में चर्चा करेंगे। वे पहले ही साफ लहजे में कह चुके हैं कि यदि चुनाव जीतना है तो जिले से लेकर बूथ तक मजबूत और फुल टाइम वर्कर्स को ही पदाधिकारी बनाया जाएगा। बताया जाता है इस बैठक में कमलनाथ चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को पार्टी के अहम पदों से छुट्‌टी भी कर सकते हैं। ज्ञात हो, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया इस बैठक से पहले ही एक जिलाध्यक्ष, 3 प्रदेश सचिव सहित कुल 23 पदाधिकारियों को पहले ही बर्खास्त कर चुके हैं। वहीं, बैठक में आज प्रदेश के ब्लॉक कांग्रेस के नए अध्यक्षों की सूची पर भी आज की बैठक में मुहर लग सकती है।

Back to top button