कोरबा

कोरबा जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला को जिताने के बाद विधायक पुरुषोत्तम कंवर का बढ़ा कद

कोरबा (गेंदलाल शुक्ल) । जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। कांग्रेस समर्पित शिवकला कंवर ने भाजपा समर्थित रामेश्वरी जगत को आठ मत से परास्त किया। शिवकला कंवर कटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर की प्रत्याशी थी। इस बड़ी जीत से पुरूषोत्तम कंवर का कद और बढ़ गया है।

जिला पंचायत कोरबा में कुल 12 सदस्य हैं। इनमें 6 कांग्रेस, 3 भाजपा, 1 गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और 2 निर्दलीय शामिल है। दोनों निर्दलीय भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़े और जीतकर सदस्य चुने गये हैं। सदस्यों के चुनाव के बाद से ही कांग्रेस और भाजपा बहुमत जुटाने का प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव से पहले दोनों दलों की बैठक आहूत की गयी।

भाजपा ने तो खामोशी के साथ अपना प्रत्याशी तय कर लिया। लेकिन कांग्रेस पर्यवेक्षक और पूर्व विधायक गुरूमुखसिंह होरा की मौजूदगी में भारी गुटबाजी के बाद अंततः कटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के प्रस्ताव पर शिवकला कंवर को उम्मीदवार घोषित किया गया।

कांग्रेस का एक गुट कमला राठिया को प्रत्याशी बनाना चाहता था लेकिन कटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कं वर की पंसद को महत्व मिला और शिवकला कंवर के पक्ष में फैसला आया। शिवकला कंवर  ने 2 के मुकाबले 10 वोट हासिल कर प्रचण्ड बहुमत से जीत दर्ज की।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर शिवकला कंवर की इस जीत से विधायक पुरूषोत्तम कंवर का कद पहले से भी अधिक ऊंचा हो गया है। पुरूषोत्तम कंवर जिले के कद्दावर आदिवासी नेता और कांग्रेस के पूर्व विधायक बोधराम कंवर के पुत्र हैं। गांधी जी के सम्मानजनक सम्बोधन से पुकारे जाने वाले बोधराम कंवर कटघोरा से 6 बार और तानाखार से एक बार विधायक रह चुके हैं।

Back to top button