छत्तीसगढ़बिलासपुर

पर्यटकों का सबसे प्यारा खोडरी की लक्ष्मणधारा, जल, जंगल, चट्टान के बीच आकर्षित करता है सुंदर झरना …

बिलासपुर। बिलासपुर जिला मुख्यालय से 90 मिलोमीटर की दूरी पर खोडरी रेलवे स्टेशन है। यह गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का एक सुंदर पर्यटन स्थल है। यहां पर्यटकों को एक सुंदर झरना देखने को मिलता है। प्रकृति की अनुपम छटा और विशिष्ट पहचान लिए इस झरने को लक्ष्मणधारा के नाम से जाना जाता है। यहां चट्टानों के बीच बहती हुई अरपा नदी का जल मन को और भी ललचा देता है। वैसे तो सालभर इसमें पानी रहता है।

हरियाली और फिर पथरीली धरती के बीच कल-कल करती अरपा नदी जब लक्ष्मणधारा का रूप लेती है तो यह दृश्य अत्यंत मनोहारी लगने लगता है। प्रकृति की खूबसूरती देखते बनती है। ऊंचाई से गिरते जल को झरने के रूप में देखना पर्यटकों को प्रफुल्लित और आनंदित करता है। खोडरी के जंगल में इस विहंगम दृश्य को अपने कैमरे में कैद करने और घूमने-फिरने आने के लिए हर पर्यटक बेताब रहता है।

किंतु अक्टूबर से फरवरी तक पर्यटक अधिक आते हैं। चूंकि यह झरना अचानकमार टाइगर रिजर्व के भीतर स्थित है। इसलिए वन्य जीवों का विचरण स्वाभाविक है। ग्रीष्म ऋतु में कई बार वन्य प्राणी पानी की तलाश में पहुंचते हैं। इससे पर्यटकों को खतरे की आशंका रहती है। वहीं वर्षा ऋतु में जल का प्रवाह तेज होने से चट्टानों के बीच पहुंचना संभव नहीं है। जंगल के बीच रास्तों मंे भी चलने में कठिनाई होती है। लिहाजा ठंड के मौसम में यहां आने सबसे बढ़िया है। इस बीच लक्ष्मणधारा की खूबसूरती को पूरी तरह से महसूस किया जा सकता है।

खोडरी रेलवे स्टेशन से लगभग सात किलोमीटर दूर जंगल के भीतर लक्ष्मणधारा में पहुंचते तक रास्ते में हरे-भरे पेड़ पौधे, आकर्षक फूल देखने और पक्षियों की चहचाहट सुनने को मिलते हैं। परिवार और दोस्तों के संग घूमने का अलग ही आनंद है। शांतिपूर्ण वातावरण के साथ शानदार पिकनिक स्पाट कहा जा सकता है। बीच-बीच में चीतल समेत अन्य वन्यजीव भी दिख जाए तो क्या कहने।

अरपा नदी छत्तीसगढ़ की मुख्य नदी व बिलासपुर शहर की जीवनदायिनी है। यह भी माना जाता है कि अरपा नदी का उद्गम स्थल खोडरी गांव है। यहां पर एक जलधारा बहती है, जिसे अरपा उद्गम स्थल के रूप में जाना जाता है। यहां पर मंदिर भी बना हुआ है, जहां पर शिव भगवान जी विराजमान हैं। रेलवे स्टेशन से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर यह गांव है।

बिलासपुर या उसलापुर स्टेशन से सीधे ट्रेन पकड़कर खोडरी स्टेशन पहुंचकर वहां से सात किलोमीटर दूर लक्ष्मणधारा आसानी से पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के अंतर्गत आता है जो देश के सभी प्रमुख महानगरों से जुड़ा हुआ है। बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से टैक्सी और नियमित बसें उपलब्ध हैं। किराया भी सामान्य है।

आसपास प्रमुख पर्यटक स्थल

पेंड्रा में राजमहल गढ़ी, सोनकुंड, इंदिरा उान, गौरेला में ज्वालेश्वर धाम, झोझा झरना बस्तीबगरा, राजमेरगढ़, दुर्गाधारा वाटर फाल पकरिया रोड, करिआम, श्री आदिशक्ति मां दुर्गा देवी “शक्तिपीठ” धनपुर, नेचर कैंप गगनई जलाशय, शिवघाट मनौरा मरवाही (पिकनिक स्पाट), समुदलाई पर्यटन स्थल मरवाही, लखनघाट के साथ ही अमरकंट पर्यटन स्थल शामिल हैं।

Back to top button