
पेंशनर्स के लिए जरूरी खबर, 1 अक्टूबर से Life Certificate जमा करने का नियम सभी पर लागू नहीं
नई दिल्ली
1 अक्टूबर आते ही क्या हर पेंशनर को लाइफ सर्टिफिकेट (Life Certificate) जमा करना है? नहीं! अगर आप या आपके घर में कोई पेंशन लेता है तो यह नियम जरूर जान लें। सरकार ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) यानी जीवन प्रमाण जमा करने के लिए उम्र के हिसाब से अलग-अलग समय तय किया है। 1 अक्टूबर 2026 से सिर्फ 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के पेंशनर अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। यानी 80 साल से कम उम्र वालों को अभी घबराकर बैंक जाने की जरूरत नहीं है। खास बात यह है कि बुजुर्गों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बैंक की लाइन में लगना भी जरूरी नहीं है। फेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक और डोरस्टेप बैंकिंग जैसी सुविधाओं से घर बैठे भी यह काम किया जा सकता है।
1 अक्टूबर से किसे जमा करना है लाइफ सर्टिफिकेट?
जीवन प्रमाण पत्र या डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया चरणों में होती है। 80 साल और उससे ज्यादा उम्र के पेंशनर 1 अक्टूबर 2026 से डीएलसी जमा कर सकते हैं। वहीं अन्य पेंशनरों के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का पीरियड अलग होता है। मौजूदा जानकारी के मुताबिक पात्र पेंशनर 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। हालांकि, सरकार की ओर से समय सीमा बढ़ाई जाती है या नहीं, यह अलग बात है। यानी अगर किसी बुजुर्ग की उम्र 80 साल से कम है, तो सिर्फ 1 अक्टूबर शुरू होने के कारण उन्हें तुरंत डीएलसी जमा करने की जरूरत नहीं है।
बैंक जाने की भी जरूरत नहीं?
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सबसे बड़ी सुविधा यह है कि पेंशनर को हर बार बैंक की लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ती। फेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और डोरस्टेप बैंकिंग जैसी सुविधाओं के जरिए भी लाइफ सर्टिफिकेट जमा किया जा सकता है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने भी पात्र वरिष्ठ पेंशनरों को समय रहते लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सलाह दी है।
घर बैठे कैसे जमा होगा DLC?
फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए स्मार्टफोन से भी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा किया जा सकता है। इसके लिए Android स्मार्टफोन में कम से कम 5MP का फ्रंट कैमरा और इंटरनेट कनेक्शन होना चाहिए। पेंशनर को आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण फेस ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऑपरेटर ऑथेंटिकेशन, फेस स्कैन और पेंशनर की जरूरी जानकारी भरने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आखिर में सामने वाले कैमरे से पेंशनर की फोटो कैप्चर की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए जीवन प्रमाण डाउनलोड करने का लिंक मिल जाएगा।
इन चीजों को रखें तैयार
जीवन प्रमाण के लिए आधार नंबर या वीआईडी, पीपीओ नंबर, पेंशन देने वाली एजेंसी की जानकारी और एक्टिव मोबाइल नंबर जरूरी है। आधार नंबर पेंशन खाते या संबंधित पेंशन डिस्बर्सिंग अथॉरिटी से जुड़ा होना चाहिए। ध्यान रखें कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट एक मान्य विकल्प है। यह पहले से मौजूद लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के तरीकों के अलावा एक्स्ट्रा सुविधा है, जिससे पेंशनर घर बैठे अपनी पेंशन जारी रखने के लिए जीवन प्रमाण दे सकते हैं।

















