देश

जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण आजीविका और सरकारी योजनाओं का अनुभव लेंगे प्रशिक्षु अधिकारी

 मुजफ्फरपुर
 70th BPSC Foundation Batch BIPARD Gaya: ग्रामीण विकास की जमीनी हकीकत से रूबरू होने के लिए बीपीएससी के 55 प्रशिक्षु अधिकारी मुजफ्फरपुर के मुशहरी और मड़वन प्रखंडों के गांवों में पांच दिन गुजारेंगे।

ये अधिकारी जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण आजीविका और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का अनुभव करेंगे।

बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा से चयनित 55 प्रशिक्षु अधिकारियों के चौथे फाउंडेशन बैच के लिए सात दिवसीय एक्सपोजर कम विलेज इमर्शन कार्यक्रम की शुरुआत हुई है, जिसके तहत सोमवार को एक स्थानीय होटल में परिचय व प्रारंभिक ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया।

जीविका दीदियों व ग्रामीण जीवन का अनुभव
बिपार्ड, गयाजी से आए सभी 55 प्रशिक्षु अधिकारी मुशहरी और मड़वन में पांच दिनों तक क्षेत्रीय भ्रमण व ग्राम प्रवास करेंगे।

इस दौरान वे जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण जीवनशैली, स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली, ग्राम संगठन तथा संकुल स्तरीय संघ के प्रबंधन और विभिन्न आजीविका गतिविधियों को करीब से जानेंगे।

साथ ही ग्रामीण परिवारों से सीधा संवाद कर विकास की जमीनी चुनौतियों, सामुदायिक संस्थाओं की व्यवस्था और स्थानीय जरूरतों को समझेंगे।

महिला सशक्तिकरण व आजीविका मॉडल
जीविका के प्रबंधकों ने विषयवार प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ सामाजिक बदलाव, सामुदायिक नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को भी मजबूत कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जीविका डीपीएम अनिशा और संचार प्रबंधक राजीव रंजन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button