मध्य प्रदेश

पैसा 10 गुना करने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार, कारनामे सुन पुलिस भी रह गई हैरान ….

जबलपुर। पुलिस ने एक ऐसे ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को पूजा पाठ के जरिए पैसे 10 गुना करने का झांसा देता था। आरोपी बाबा के खिलाफ रांझी थाने में पांच और संजीवनी नगर थाने में एक शिकायत दर्ज है। आरोपी बीते 12 साल से लोगों को ठग रहा था, लेकिन पुलिस उसे अब पकड़ पाई।

एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि कृष्ण कुमार नामदेव के खिलाफ शिकायतों की जांच करते हुए उसे अंधमूक बायपास पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद कृष्ण कुमार ने ठगी की वारदातों का इतिहास बताया, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। वह 15 साल की उम्र में सब्जी का ठेला लगाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्वारीघाट के रहने वाले रंजीत नाम के व्यक्ति से हुई। उस समय रंजीत गड़ा धन निकालने का झांसा देकर ठगी करता था।

बहुगुणा के मुताबिक रंजीत के साथ कृष्ण कुमार इलाहाबाद चला गया। यहां उसने लोगों को तंत्र-मंत्र और पूजा पाठ के जरिए गड़ा धन निकालने की कला दिखाकर ठगी की। इसके बाद वह वापस जबलपुर आया और हनुमान ताल में एक महिला के साथ ठगी की। इसमें वह पकड़ा गया, उसे जेल भेज दिया गया। जेल से छूटने के बाद साल 2017 में वह आधार ताल में किराए का मकान लेकर माता महाकाली का दरबार लगाने लगा। यहां लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए पूजा पाठ कराने का झांसा देकर पैसा वसूलने लगा। इसी तरह कई लोगों के घरों में पूजा-पाठ करने के नाम पर कृष्ण कुमार ने लाखों रुपए कमा लिए।

एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के अनुसार कृष्ण कुमार ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने कई लोगों को उनका धन 4 से 10 गुना करने के नाम पर लाखों रुपए का चूना लगाया। इस दौरान वह नकली नोटों की गडि्डयों में कुछ असली नोट छुपा देता था। इससे लोगों को विश्वास हो जाता था। ठगी के पैसों से कृष्ण कुमार ने एक बाइक, सोने-चांदी के जेवर और गृहस्थी का सामान खरीद लिया था। फिलहाल, पुलिस ने सामान जब्त कर लिया है। उसके पास से 20 लाख रुपए के नकली नोट मिले हैं। जो बच्चों की चूरन की पुड़िया में निकलते हैं।

बीते 1 सप्ताह पहले कृष्ण कुमार ने पत्नी सुमन के साथ मिलकर आधार ताल की रहने वाली एक महिला को 11 लाख 53 हजार रुपए का चूना लगाया था। बहरहाल, पुलिस कृष्ण कुमार नामदेव के गुनाहों की कुंडली तैयार कर रही है और उसके पास जमा रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है। जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button