मध्य प्रदेश

कमलनाथ की कांग्रेस दफ्तर में मेन गेट से एंट्री बंद, वास्तुविदों की सलाह पर किया जा रहा बदलाव, बेसमेंट में बन रहा अंडरग्राउंड ऑफिस …

भोपाल। सत्ता प्राप्ति के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस अब बीजेपी की तरह अंधविश्वास की राह पर चल पड़ी है। बीजेपी अपने नेताओं के लिए पार्टी ऑफिस में वास्तु के हिसाब से बदलाव कराती रहती है, ठीक इसी तरह कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ऑफिस में अपनी नाम राशि के मुताबिक बड़ा बदलाव करा रहे हैं। इसमें प्रमुख है उनकी मेन गेट से एंट्री बंद करना। वास्तुविदों की सलाह पर उन्होंने मिशन 2023 के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ऑफिस में साइड गेट से एंट्री का फॉर्मूला अपनाया है। पार्टी दफ्तर में वे कई बड़े बदलाव भी करा रहे हैं।

अगले साल विधानसभा चुनाव को देखते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस के दफ्तर से लेकर बूथ लेवल तक बदलाव करने में जुटे हैं। वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक अंडरग्राउंड ऑफिस भी तैयार करा रहे हैं। बेसमेंट में ये ऑफिस बनाया जा रहा है। दो हफ्ते पहले कमलनाथ ने बेसमेंट का इंस्पेक्शन भी किया था।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सूत्रों की मानें तो वास्तुविदों ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के मेन गेट से सिर्फ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय अध्यक्ष को एंट्री न करने की सलाह दी है। ऐसे में कमलनाथ अब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सिर्फ बगल वाले गेट से ही कांग्रेस कार्यालय में आते-जाते हैं। 2018 के चुनाव के पहले भी कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के दफ्तर में कई बदलाव किए थे। कांग्रेसियों का मानना है कि वास्तुविदों की सलाह पर काम करने का फायदा पिछले विधानसभा चुनाव में भी मिला था।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बेसमेंट में कचरा भरा हुआ था। बारिश के बाद जलभराव के चलते यहां पानी जमा होने से बदबू आती थी और मच्छर पनपते थे। वास्तुविदों ने भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पदाधिकारियों को बेसमेंट का कचरा साफ कराने की सलाह दी थी। वास्तुविदों ने उन्हें बताया था कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बेसमेंट में भरे कचरे के कारण निगेटिव एनर्जी आ रही थी।

बेसमेंट में तैयार होने वाले ऑफिस में बैठकों के लिए एक बड़ा हॉल भी बनाया जाएगा। अभी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ग्राउंड फ्लोर पर बने बड़े हॉल में कांग्रेस की बैठकें होती हैं, लेकिन कई बार जगह कम पड़ जाती है। ऐसे में बेसमेंट में एक मीटिंग हॉल भी तैयार किया जा रहा है। बेसमेंट में पार्टी के प्रकोष्ठों और विभागों की बैठकें भी हो सकेंगी।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के दफ्तर में कमलनाथ के कक्ष से लेकर सभी विभागों, प्रकोष्ठों और पदाधिकारियों के कक्षों में भी वास्तु के हिसाब से बदलाव किए जाएंगे। कमलनाथ ने हाल ही में कांग्रेस के करीब 34 प्रकोष्ठ और विभागों का गठन किया है। इनमें नियुक्तियां की जा रही हैं। कांग्रेस कमेटी के अलावा यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस के अलावा बाकी प्रकोष्ठों और विभागों के कक्ष भी अंडरग्राउंड बनाए जाएंगे।

दरअसल जिस बेसमेंट में अंडरग्राउंड ऑफिस बनाया जा रहा है वहां लंबे समय से हर बारिश के मौसम में पानी भर जाता है। बड़ा स्पेस होने के बावजूद पानी भरने की समस्या के चलते इस जगह का उपयोग नहीं हो पा रहा था। कमलनाथ के पहले कई पीसीसी चीफ रहे, लेकिन किसी ने इस समस्या के समाधान पर ध्यान नहीं दिया। जब पीसीसी दफ्तर के पदाधिकारियों ने कमलनाथ को इस समस्या के बारे में बताया तो वे आर्किटेक्ट और इंजीनियर्स की टेक्निकल टीम के साथ पीसीसी के बेसमेंट में निरीक्षण करने पहुंचे और उन्होंने बेसमेंट में जलभराव की समस्या का समाधान कर यहां ऑफिस, ऑडिटोरियम और चेंबर बनाने के निर्देश दिए हैं।

Back to top button