देश

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर जानलेवा हमला, पुलिस अफसर ने ही सीने में 4-5 गोलियां मारी; किया गया एयरलिफ्ट …

भुवनेश्वर । ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर रविवार दोपहर ब्रजराजनगर में एक ASI ने फायरिंग की। इस जानलेवा हमले में नब दास के सीने में ASI ने 4-5 गोलियां मारी हैं। हालत उनकी गंभीर है। उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। यहां भी एंबुलेंस तैयार है, भुवनेश्वर पहुंचते ही स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर पहुंचे थे। कार से उतरते ही एक ASI गोपालदास ने नब दास पर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाई।

एक आई विटनेस ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चला दी। हमने देखा एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।

नव किशोर दास ने ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा। वह पहली बार चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2009 में फिर उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 के चुनाव में वे लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नव किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।

नब किशोर ओडिशा सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं। उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा के कई बैंकों में 45.12 लाख रुपए से अधिक रकम जमा है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री के पास 15 करोड़ की कीमत के करीब 70 से अधिक वाहन है। जिसमें 1.14 करोड़ की एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है।

नब किशोर दास 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी ने उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था। इस मामले में नब किशोर ने कहा था कि मैंने अपने जीवन में आज तक कोई भी एडल्ट वीडियो नहीं देखा है। यह इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान गलती से हो गया। जैसे ही मुझे पता चला, मैंने उसी समय इसे बंद कर दिया था।

Back to top button