मध्य प्रदेश

 कांग्रेस सुरक्षित करेगी महिलाओं, नौजवानों व मजदूरों का भविष्य : कमलनाथ

कमलनाथ बोले : पं. नेहरू, डॉ. शंकर दयाल शर्मा ने की थी भेल की स्थापना, जहां 25 हजार से अधिक कर्मचारी थे, आज 4 हजार बचे

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को राजधानी के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के पिपलानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों का अपमान कर रही है। पांच महीने बाद हम माताओं बहनों, नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखेंगे। सरकार आयेगी तो एक मई मजदूर दिवस पर हम अवकाश घोषित करेंगे। मजदूर केवल सम्मान, इज्जत चाहता है, पत्रकारों से कहना चाहता हूं आपको भी सम्मान किया जायेगा।

उन्होंने कहा मजदूर दिवस पर श्रम शक्ति के मंदिर भेल को मैं प्रणाम करता हूं। 15-20 साल पहले जब हम यहां से गुजरते थे, शिफ्ट खत्म होती थी, हजारों मजदूर दिखते थे, 25 हजार मजदूर से अब केवल 4-5 हजार मजदूर बचे हैं। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, राजकुमार सिंह, पूर्व मंत्री पीसी. शर्मा, आरिफ अकील, राजीव सिंह, विभा पटेल, जेपी. धनोपिया, सैयद साजिद अली, गोविंद गोयल, कैलाश मिश्रा, सुनील सूद, विधायक आरिफ मसूद, अरूण श्रीवास्तव, आरडी त्रिपाठी सहित बडी संख्या में भीड़ उपस्थित थी।

मैं हिंदू हूं, पर बेवकूफ नहीं : कमलनाथ ने कहा कि मैं गर्व से कहता हूं मैं हिन्दू हूं, पर बेवकूफ नहीं हूं, यह समझने की जरूरत है, बहुत बड़ी चुनौती हमारे सामने है। आज हर वर्ग परेशान है। भटकता हुआ नौजवन बहुत बड़ी चुनौती है हमारे सामने, यही नौजवान मप्र का निर्माण करेंगे, पर इनका भविष्य अंधेरे में रहा तो मप्र का कैसे निर्माण होगा। शिवराज कहते हैं एक लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा, मैं तो कहता हूं जो खाली पद हैं पहले उनको भर दीजिए।

कांग्रेस सरकार में हुआ विकास : पचौरी

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि कमलनाथ ने देश, मप्र और भोपाल के विकास में जो किया और आगे कांग्रेस की सरकार बनने के बाद काम करने वाले वाले हैं, वह मैं यहां बताना चाहता हूं। आज भोपाल राजधानी है तो कांग्रेस की बदोलत हैं। भेल, कांग्रेस और प. नेहरू की बदौलत है। मेडिकल कॉलेज इंजीनियरिग कालेज कांग्रेस की बदोलत है। हज यात्रियों को सीधी विमान सुविधा मिली। नर्मदा जल आपूर्ति परियोजना के लिये प्रथम चरण में 306.04 करोड़ रू. की राशि दी। ज्यूडिशियरी एकेडमी खुली, शहरी नवीनीकरण योजना के तहत 2153 करोड रू. की राशि दी। पर्यावरण मंत्री रहते कमलनाथ ने 300 करोड़ रू. व्हीआईपी रोड एवं तालाब की साफ सफाई के लिए दिये, शहरी विकास मंत्री रहते मेट्रो परियोजना की रिपोर्ट बनाने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर को सहायता राशि दी। केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री रहते हुए मप्र की सडक़ों के लिए 25 हजार करोड़ रू. स्वीकृत किये, मुख्यमंत्री रहते मेट्रो परियोजना की शुरूआत की। फारेस्ट मेनेजमेंट संस्थान खुला, जेएनएनयूआरएम योजना के तहत 609 बसों के लिए 194 करोड़ रूपये की राशि दी। पारंपरिक लाइटों को एलईटी में परिवर्तित किया, मुख्यमंत्री के नाते 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की। कमलनाथ ने वचनपत्र जारी किया जो कहा है वह किया है, भाजपा की तरह घोषणा पत्र जारी नहीं किया।

Back to top button