मध्य प्रदेश

जिला संगठन मंत्रियों की समीक्षा बैठक में बोले कमलनाथ : पोलिंग बूथ तक पहुंचें कांग्रेसजन

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला संगठन मंत्रियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिसमें कमलनाथ ने कांग्रेसजनों से मप्र के प्रत्येक पोलिंग बूथ तक पहुंचने का आहवान किया।

मप्र कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के जिला संगठन मंत्रियों की यह महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक इसलिए बुलायी गई है, ताकि प्रदेश भर में कांग्रेसजन को पोलिंग बूथ तक पहुंचकर कार्य करने की जिम्मेदारी दी जा सके। बैठक को संबोधित करते हुए सेवादल के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र जोशी ने बूथ स्तर तक कार्य करने के लिए संगठन मंत्रियों से आग्रह किया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस बूथ प्रबंधन का दायित्व संभाल रहे प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री गुरमीत सिंह मंगू ने कहा कि जो जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी ने सौंपी हैं, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभायें और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह, प्रकाश जैन अशोक सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी और सभी जिलों से आये जिला संगठन मंत्री उपस्थित थे। स्वास्थ्य रक्षक संगठन की बैठक आज :  स्वास्थ्य रक्षक संगठन की आवश्यक बैठक मंगलवार को सुबह 11 बजे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आहूत की गई है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

Back to top button