बिलासपुर

नागरिकता कानून को लेकर भ्रम फैलाने के बजाए कांग्रेस करे किसानों की समस्या का समाधान

बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि नागरिकता कानून के मामले में कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियां लोगों के बीच भ्रम फैला रहीं हैं जबकि इससे लाखों पीड़ितों को न्याय मिलेगा। छत्तीसगढ़ में किसानों में धान बेचने को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है। प्रदेश सरकार को अपने वायदे के मुताबिक किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

डॉ सिंह आज यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि नागरिकता कानून को लेकर लोगों के बीच जागरूकता लाने तथा अफवाह को दूर करने केंद्रीय गृहमंत्री के निर्देशानुसार जगह जगह लोगों के बीच हम जा रहे हैं। मूल विषय यही है कि नागरिकता कानून में संशोधन की जरुरत क्यों पड़ी। उन्होंने इस कानून को लेकर कांग्रेस के विरोध को न समझ में आने वाला बताते हुए कहा कि 1947 में महात्मा गांधी ने तथा 1948 में पंडित नेहरू ने पड़ोसी देश के अल्पसंख्यकों के लिए नागरिकता की बात कही थी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी जब आडवाणी जी केंद्रीय गृहमंत्री थे तब नागरिकता कानून के सरलीकरण को लेकर बातचीत की थी।

डॉ सिंह ने सवाल उठाया कि धार्मिक आधार पर देश का विभाजन करने वाली कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि पाकिस्तान के 23 प्रतिशत अल्पसंख्यक आखिर कहां गए। पाकिस्तान के तात्कालीन कानून मंत्री योगेन्द्र मंडल की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी यह भी नहीं भूलना चाहिए। किसी भी देश के लिए शरणार्थी अलग होते हैं और घुसपैठिए अलग होते हैं। डा सिंह ने तल्ख लहजे में कहा कि भारत देश कोई धर्मशाला तो है नहीं कि यहां कोई भी आए और कब्जा जमा ले। हर देश की उसकी नागरिकता कानून होती है। और हमारे देश की भी नागरिकता कानून 1955 मजबूती से काम कर रहा है। केवल पीड़ितों की सुविधा के लिए उसमें कुछ संशोधन किया गया है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की चर्चा करते हुए कहा कि यहां के किसानों ने धान बेचने को लेकर त्राहि-त्राहि मची है। सरकार को किसानों की समस्या की समाधान की ओर ध्यान देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री के पीए की गिरफ्तारी के बारे में उन्होंने कहा कि जांच से वस्तुस्थिति सामने आएगी उसके बाद कुछ कहा जा सकता है। डॉ सिंह नागरिकता कानून के प्रति लोगों में जागरुकता लाने के अभियान के तहत भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में विभिन्न स्थानों का दौरा कर लोगों से मिल रहे हैं।

Back to top button