मध्य प्रदेश

अहंकारी हो गए कांग्रेस नेता, पिछड़ों को गाली देते हैं और कहने के बाद भी माफी नहीं मांगते : जेपी नड्डा

भाजपा के हाईटेक प्रदेश कार्यालय के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया भूमिपूजन

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवीन भवन के लिए रविवार को भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भूमिपूजन किया। नड्डा ने बाद में भाजपा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन, प्रबुद्धजनों को भी संबोधित किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर टशन का असर देखने को मिला, जब राहुल का नाम लिए बगैर नड्डा ने उन पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के नेता इतने अहंकारी हो गए हैं, कि पिछड़े वर्ग के नेताओं को गाली देकर अपमान करते हैं, और जब उनसे अदालत है कि माफी मांग लो, तो वो माफी भी नहीं मांगते।

नड्डा ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता अहंकार में डूबे हैं और उनमें समझदारी बहुत कम हो गई है। अभी कांग्रेस सत्याग्रह कर रही है। सत्याग्रह 1906 और 1919 में महात्मा गांधी ने भी किया था, लेकिन उनका वो सत्याग्रह भारत के सम्मान, उसकी अस्मिता और भारतीयों के राज को लेकर था। कांग्रेस किसलिए सत्याग्रह कर रही है? सिर्फ अपने नेताओं के अहंकार को बचाने के लिए? वो हर परंपरा को तोड़ देते हैं, पिछड़े समाज को गाली देते हैं, अदालत के कहने पर भी माफी नहीं मांगते और जब सजा हो जाती है तो सत्याग्रह करते हैं। अरे, देश के संविधान, कानून, अदालत किसी से तो डरो। याद रखना, ये देश किसी को माफ नहीं करेगा। पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेसियों की यह करतूत जनता को बताएं और अपने नेताओं के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाकर भाजपा को यशस्वी बनाएं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रभारी मुरलीधर राव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कांग्रेस का मतलब है करप्शन, कमीशन और डिवीजन : विपक्ष की करतूतें व भाजपा के काम जनता को बताएं

नर्मदापुरम एवं भोपाल संभागों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का मतलब है करप्शन, कमीशन और डिवीजन। भाई भतीजावाद, परिवारवाद इनकी पहचान है। हमारी संस्कृति समाजसेवा की, समाज के सशक्तीकरण की और रिपोर्ट कॉर्ड की संस्कृति है। जो कहेंगे वो करेंगे और जो कहा है, वो किया है। कांग्रेसियों के भाषण सुनिये, उनमें से वोट बैंक संस्कृति की झलक दिखाई देती है। हमें कांग्रेस की यह संस्कृति जनता को बताना है। भाजपा की सरकारें देश और प्रदेश को लगातार आगे बढ़ा रही हैं, यह जनता को समझाना है और भाजपा को यशस्वी बनाना है। उन्होंने कहा कि हर बूथ का अध्यक्ष आज यह संकल्प ले कि मेरे बूथ पर सिर्फ जीत ही होगी।
ऑफिस नहीं, संस्कार केंद्र होगा नया कार्यालय भवन
नड्डा ने बूथ अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं को पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय भवन के भूमिपूजन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2014 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री मोदी पार्टी कार्यालय आए थे। उन्होंने यह पूछा था कि कितने जिलों में पार्टी के अपने कार्यालय भवन है? उन्होंने कहा कि हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हर जिले में हमारे अपने कार्यालय भवन होंगे। उस संकल्प का ही परिणाम है कि आज देश के 290 जिलों में पार्टी के कार्यालय भवन बन चुके हैं। 115 कार्यालयों का काम चालू है। 123 कार्यालयों के लिए जमीन ले ली गई है और काम चालू होने वाला है। इसी कड़ी में आज पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय भवन का भूमिपूजन हुआ है, जो वर्ल्ड क्लास और आधुनिक तकनीक से युक्त होगा। उसमें 4 बैठक कक्ष होंगे और 1005 की क्षमता वाला ऑडिटोरियम होगा। इस सबके बावजूद हमारा कार्यालय भवन ऑफिस नहीं होगा, बल्कि वो एक संस्कार केंद्र होगा, जहां आकर कार्यकर्ता अपने नेताओं से सीखते हैं, पढ़ते हैं और पार्टी के लिए जीवन को खपा देने का संकल्प लेते हैं।
लोगों का उत्साह कह रहा, एक बार फिर भाजपा
नड्डा ने कहा कि हमने उत्तर पूर्वी राज्यों मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में सरकारें बनाई। महत्वपूर्ण बात यह है कि दोबारा से सरकार बनाई। चुनाव परिणाम के बाद हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह एक त्रिवेणी का प्रभाव है। त्रिवेणी का वो मंत्र है- सरकार का काम, संगठन व सरकार की संस्कृति तथा कार्यकर्ताओं का समर्पित सेवा भाव। मध्यप्रदेश में भी पार्टी कार्यकर्ता और सरकार पूरे सेवा भाव के साथ काम कर रहे हैं। विचारों की यही त्रिवेणी मुझे मप्र में भी दिखाई देती है। कार्यकर्ताओं में जो उत्साह दिखाई दे रहा है, वह आने वाले समय के लिए यह संदेश दे रहा है कि एक बार फिर भाजपा सरकार।
मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा देश
नड्डा ने प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। हमें तर्कों, मुद्दों और विषयों को लेकर जनता के बीच जाना है और उन्हें यह बात समझाना है। उन्होंने कहा कि आज भारत स्मार्टफोन के उपयोग में नं.1 है। ग्लोबल फाइनेंस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नं.1 है। कांग्रेस ने जिस डिजिटाइजेशन का विरोध किया था, आज उसी के रास्ते पर चलकर देश का यूपीआई दुनिया में सबसे आगे है। इस्पात के उत्पादन में हम नं. 2 हैं। ऑटो इंडस्ट्री में जापान को पीछे छोडक़र हम तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। ऐसे समय में जब दुनिया की अर्थव्यवस्था कोरोना संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण सुस्त पड़ रही है, हमारे प्रधानमंत्री ने सही समय पर कठोर निर्णय लिये और आज हम ब्रिटेन को पीछे छोडक़र पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं।
मोदी जो चिंतन करते हैं, शिवराज उसे जमीन पर उतारते हैं
बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकास की, गरीब कल्याण की दिशा में जो चिंतन करते हैं, जो योजनाएं लाते हैं, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज उन्हें साकार करते हैं। इंदौर में प्रवासी दिवस का सफल आयोजन किया गया, जिससे इंदौर और मप्र दुनिया के नक्शे पर आ गए हैं। प्रदेश में रेलवे की 33 परियोजनाएं चल रही हैं और 5872 किमी. रेल लाइन का काम चल रहा है। इस पर 84460 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रानी कमलापति स्टेशन का उन्नयन किया गया है और अमृत भारत योजना में 80 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जाएगा। प्रदेश में 25 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं जो अपने-अपने क्षेत्रो की तस्वीर बदल देंगे। सडक़ निर्माण के काम 27000 करोड़ की लागत से किए जा रहे हैं। प्रदेश में 15 लाख करोड़ का निवेश आया है और 1.24 लाख नौकरियां दी जाएंगी। देश के जीडीपी में प्रदेश का योगदान 4.8 प्रतिशत हो गया है। रीवा में एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगा है। इन बातों को जनता के बीच रखना हमारी जिम्मेदारी है।
कमलनाथ नहीं चाहते थे गरीबों, किसानों, महिलाओं का कल्याण हो
प्रबुद्धजनों को संबोधित कर नड्डा ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान प्रधानमंत्री आवास योजना में 37 लाख मकान बनवाते हैं, लेकिन कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते हुए लाखों प्रधानमंत्री आवास वापस कर दिए थे। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को लंबे समय तक लागू नहीं होने दिया। किसान सम्मान निधि योजना के नाम नहीं दिये। हमारी सरकार उज्जवला योजना लाई, स्वच्छता अभियान शुरू किया, गरीब कल्याण अन्न योजना लाई। जिससे देश में अति गरीबी की दर 1 प्रतिशत से भी नीचे चली गई है। लेकिन कमलनाथ ने हमारी जनहित की सारी योजनाएं रोक दीं, क्योंकि वो नहीं चाहते थे कि प्रदेश के गरीब, किसान और महिलाएं आगे बढ़ें।
हम सौभाग्यशाली हैं कि मोदी के युग में पैदा हुए: चौहान
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि भाजपा के कार्यकर्ता हैं और उस युग में पैदा हुए जब मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं। आज का भारत इस बात का उदाहरण है कि किसी देश का कायाकल्प कैसे हो सकता है। कांग्रेस के जमाने में छोटे-छोटे देश हमें आंखें दिखाते थे और भारत घोटालों के देश के रूप में जाना जाता था। लेकिन आज हमारे दुश्मन देश पाकिस्तान के लोग भी कह रहे हैं कि हमें मोदी चाहिए। सारी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारतीय छात्रों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए लड़ाई रोक दी जाती है और तुर्की में जब भूकंप आता है, सबसे पहले भारतीय डॉक्टर और सहायता सामग्री वहां पहुंच जाती है।
अबकी बार 200 पार के नारे को यथार्थ में बदलेंगे: वीडी शर्मा
बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में इन दिनों सभी 64100 बूथों को डिजिटल बनाकर पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों के गठन का काम चल रहा है और सारे कार्यकर्ता इस काम में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारी सरकारें गरीब कल्याण के काम में जुटी हैं। ऐसे में मैं प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमने यह अबकी बार, 200 पार के नारे को साकार करने का संकल्प लिया है। हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट पाने के संकल्प को पूरा करेंगे और 2023 तथा 2024 में जीत का इतिहास बनाएंगे।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री तोमर, सिंधिया, कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ नेता शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव तथा राकेश सिंह प्रमुख रूप से रहे मौजूद।

Back to top button